Advertisement

बन्दरा प्रखण्ड में दो पंचायतों की वित्तीय शक्तियों पर अस्थायी रोक, जांच के आदेश

-बन्दरा प्रखण्ड में दो पंचायतों की वित्तीय शक्तियों पर अस्थायी रोक, जांच के आदेश

मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक। जिले के बन्दरा प्रखंड में वित्तीय अनियमितताओं की आशंका को लेकर प्रशासनिक कदम उठाया गया है। प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) आमना वसी ने ग्राम पंचायत राज पीरापुर एवं सिमरा चक श्रीकंठ की सभी वित्तीय शक्तियों और भुगतान प्रक्रिया पर तत्काल प्रभाव से अस्थायी रोक लगाने का निर्देश जारी किया है।

जारी आदेश के अनुसार, जांच पूरी होने तक इन दोनों पंचायतों के किसी भी खाते से भुगतान या निकासी बिना सक्षम पदाधिकारी की पूर्व अनुमति के नहीं की जाएगी। यह निर्णय पंचायत निधि की सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

बीडीओ ने संबंधित पंचायत सचिवों को निर्देश दिया है कि वे 7 दिनों के भीतर सभी अभिलेख और वित्तीय दस्तावेज व्यवस्थित कर जांच टीम के समक्ष प्रस्तुत करें। साथ ही, प्रखंड स्तर पर एक जांच दल का गठन किया गया है, जिसे पूरे मामले की विस्तृत जांच कर नामित जांच पदाधिकारी को शीघ्र प्रतिवेदन सौंपने का निर्देश दिया गया है।

प्रखंड विकास पदाधिकारी आमना वसी ने बताया कि पंचायत के निरीक्षण और प्रारंभिक जांच में वित्तीय कार्यों में अनियमितता की संभावना सामने आई है। अभिलेखों का सत्यापन आवश्यक है, इसलिए निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए नियमों के तहत यह कार्रवाई की गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।