Advertisement

बन्दरा प्रखंड पंचायत समिति की बैठक में जनसमस्याओं पर जोर, नल-जल, बिजली व मनरेगा भुगतान पर उठे सवाल

-बन्दरा प्रखंड पंचायत समिति की बैठक में जनसमस्याओं पर जोर, नल-जल, बिजली व मनरेगा भुगतान पर उठे सवाल

मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक तिवारी। बन्दरा प्रखंड सभागार में बुधवार को प्रखंड पंचायत समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सदस्यों ने जोरदार ढंग से अपनी बात रखी। बैठक की अध्यक्षता प्रमुख रिंकी देवी ने की, जबकि संचालन प्रभारी बीडीओ सह सीओ अंकुर राय ने किया।

बैठक में नल-जल योजना की बदहाल स्थिति प्रमुख मुद्दा रही। सदस्यों ने बताया कि कई पंचायतों में कहीं बिजली मीटर काम नहीं कर रहा है तो कहीं नलों में टोंटी तक नहीं लगी है।सैंकड़ों परिवार भीषण गर्मी में नियमित पानी के लिए तरस रहा है। मुन्नी बैंगरी, बड़गांव समेत कई पंचायतों में यह समस्या व्यापक रूप से देखने को मिल रही है।

बिजली व्यवस्था पर भी सदस्यों ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर बिजली पोल और तार में फॉल्ट है, लेकिन मरम्मत नहीं हो रही है। विभाग पर लापरवाही और शिकायतों की अनदेखी का आरोप भी लगाया गया।

मनरेगा योजनाओं को लेकर भी सदस्यों ने चिंता जताई और पुराने व नए सभी कार्यों के भुगतान की प्रक्रिया को जल्द अपडेट करने की मांग की। इसके अलावा शिक्षा व्यवस्था पर चर्चा करते हुए बताया गया कि कई स्कूलों में शिक्षकों की कमी है, जिससे शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो रहा है।

बैठक में आपूर्ति विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर सदस्यों ने नाराजगी जताई। सदस्यों ने कहा कि प्रखण्ड आपूर्ति विभाग अफसर की मनमानी का शिकार है। खाद्यान आवंटन एवं वितरण कार्य व्यवस्था की काफी चिंतनीय स्थिति है। वहीं आंगनबाड़ी केंद्रों में टेक होम राशन सहित अन्य लाभांशों के वितरण व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे। सदस्यों ने कहा कि वितरण की स्थिति स्पष्ट नहीं होती है और जनप्रतिनिधियों को समय पर जानकारी भी नहीं दी जाती। कुछ स्थानों पर उम्रदराज सहायिकाओं के कार्यरत रहने का मामला भी सामने आया।

प्रभारी बीडीओ अंकुर राय ने बताया कि बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए, आवश्यक प्रस्ताव लिए गए हैं और संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए कार्रवाई की जाएगी।