Advertisement

बक्सर में पानी में मिले प्रश्नपत्र की खबर फर्जी, शिक्षा विभाग ने जारी किया स्पष्टीकरण

-बक्सर में पानी में मिले प्रश्नपत्र की खबर फर्जी, शिक्षा विभाग ने जारी किया स्पष्टीकरण

बक्सर/पटना। बक्सर जिले में त्रैमासिक परीक्षा के प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाओं के बारिश के पानी में तैरते मिलने की वायरल खबरों को शिक्षा विभाग ने पूरी तरह भ्रामक और निराधार बताया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा सामग्री पूरी तरह सुरक्षित रही और नौवीं, दसवीं एवं बारहवीं की त्रैमासिक परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शांतिपूर्वक संपन्न कराई गईं।
जिला शिक्षा कार्यालय के अनुसार जुलाई 2026 में आयोजित होने वाली त्रैमासिक परीक्षा के प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं 27 जून तक जिले में प्राप्त हो गई थीं। 28 जून को एम.पी. उच्च विद्यालय, बक्सर में सिपाही भर्ती परीक्षा का केंद्र बनाए जाने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से परीक्षा सामग्री को राजकीय बुनियादी विद्यालय, बक्सर में सुरक्षित रखा गया था।


विभाग ने बताया कि 30 जून को विभिन्न विद्यालयों द्वारा प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाओं का उठाव किया जा रहा था। इसी दौरान पैकेटों को अलग-अलग वाहनों में रखा जा रहा था कि अचानक बारिश शुरू हो गई। इसी घटना के कुछ फोटो और वीडियो को असामाजिक तत्वों ने भ्रामक तरीके से सोशल मीडिया पर वायरल कर यह अफवाह फैला दी कि प्रश्नपत्र पानी में बह रहे हैं।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि बारिश के बावजूद सभी सीलबंद पैकेट पूरी तरह सुरक्षित विद्यालयों तक पहुंचा दिए गए थे। परीक्षा सामग्री को कोई नुकसान नहीं हुआ और परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही या विभागीय निर्देशों की अवहेलना नहीं की गई।
विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक और अपुष्ट खबरों पर विश्वास न करें तथा केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।