-बंदरा के सकरी मन में भव्य कलश शोभायात्रा, 151 कन्याओं की भागीदारी से गूंजा रामनवमी उत्सव
मुजफ्फरपुर/बंदरा।दीपक तिवारी: प्रखंड के सकरी मन स्थित बाबा अमरसिंह स्थान में रामनवमी के पावन अवसर पर बाबा केवल महराज की पूजा को लेकर शुक्रवार को गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में कुल 151 कन्याओं ने भाग लेकर आयोजन को विशेष आकर्षण बना दिया।
कलश यात्रा यज्ञ स्थल से प्रारंभ होकर सकरी मन, भराव होते हुए बागमती नदी के कनौजर घाट पहुंची। यहां पंडित अनिल मिश्रा के मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जलभरण (जलबोझी) कराया गया। इसके बाद श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए पुनः यज्ञ स्थल लौटे, जहां विधिवत कलश स्थापना की गई।

पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि बीते कई वर्षों से यहां रामनवमी के अवसर पर इस भव्य कलश शोभायात्रा की परंपरा चली आ रही है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार देर शाम नेवतन पूजा का आयोजन किया जाएगा, जबकि शनिवार सुबह बाबा अमरसिंह को दूध और गेरुआ अर्पित किया जाएगा तथा मां कमला को खोइंछ भरा जाएगा।
वहीं दोपहर में बाबा केवल महराज की पूजा के साथ सैकड़ों खस्सी और बकरों की बलि चढ़ाई जाएगी। ग्रामीणों के अनुसार, मनोकामना पूर्ण होने पर बलि चढ़ाने की यह परंपरा कई दशकों पुरानी है।
इस आयोजन को सफल बनाने में गोविंद सहनी, त्रिभुवन सहनी, राजेश कुमार, बलराज कुमार, राजा कुमार, कुंदन कुमार, लालबाबू सहनी, नारायण सहनी, ललन कुमार समेत कई ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हत्था थाना के दारोगा देवनाथ साह पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे।










