Advertisement

प्रेम संबंध ने उजाड़ा घर, पत्नी गई मायके तो पति की हत्या का आरोप; रेलवे हाल्ट के पास मिला शव

-प्रेम संबंध ने उजाड़ा घर, पत्नी गई मायके तो पति की हत्या का आरोप; रेलवे हाल्ट के पास मिला शव

मुजफ्फरपुर। एक प्रेम संबंध ने पहले पति-पत्नी के रिश्ते में दरार पैदा की और बाद में युवक की हत्या का कारण बन गया। औराई थाना क्षेत्र की जनार पंचायत के बेदौल असली गांव निवासी 45 वर्षीय अशोक राय की हत्या के मामले में उसकी पत्नी नूतन देवी ने प्रेम संबंध को हत्या की वजह बताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पत्नी ने एक महिला समेत चार लोगों पर अशोक को बुलाकर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

प्राथमिकी के अनुसार, अशोक राय का लोहरखा की रहने वाली एक महिला से बातचीत होती थी। करीब एक वर्ष पहले पत्नी नूतन देवी को पति के उक्त महिला से संबंध की जानकारी मिली। इसके बाद वह अपने मायके चली गई। पत्नी के मायके चले जाने के बाद भी अशोक का महिला से संपर्क बना रहा। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद होने की बात भी सामने आई।

नूतन देवी ने आरोप लगाया है कि महिला के भाई राजा माझी ने अशोक को धमकी दी थी। उसे बातचीत बंद नहीं करने पर हत्या करने की धमकी दी गई थी। प्राथमिकी में बताया गया है कि 25 अगस्त की शाम महिला ने अशोक को मिलने के लिए बुलाया। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद राजा माझी, दिनेश मांझी और उनके सहयोगी अभिजीत मंडल व अभिषेक मंडल ने अशोक के साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर दी।

बताया गया कि अशोक 25 अगस्त की शाम करीब सात से आठ बजे के बीच घर से निकला था। रात करीब नौ बजे तक उसने स्वजन से बातचीत की थी। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। परिवार के लोगों ने संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बाद में बेनीपुर रेलवे हाल्ट के पास अशोक का शव मिलने की सूचना मिली। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस के अनुसार, शव मृतक के घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर मिला। वहीं, आरोपितों के घर से घटनास्थल की दूरी करीब 700 मीटर बताई जा रही है। दोनों पक्षों के घर भी आसपास ही बताए जाते हैं।

घटनास्थल से अशोक का बंद मोबाइल, चाबी लगी बाइक, पहचान पत्र, आधार कार्ड और करीब 500 से 700 रुपये नकद मिले। सामान सुरक्षित मिलने के कारण हत्या की घटना को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं। पुलिस इन सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, जनार गांव का लोहरखा टोला पहले से विवादित रहा है। यहां देसी शराब के कारोबार और अन्य गतिविधियों को लेकर पूर्व में भी शिकायतें सामने आने की बात कही जा रही है। प्राथमिकी में इसी इलाके में अशोक के महिला से संपर्क होने का उल्लेख किया गया है।

औराई थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि मामले में महिला समेत चार लोगों को नामजद किया गया है। आरोपितों के घर पर ताला लटका हुआ है और सभी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। हत्या के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।