-प्रगति यात्रा के दौरान सीएम ने समस्तीपुर को दी 937 करोड़ से अधिक की सौगात
पटना(बिहार)।दीपक कुमार तिवारी।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रगति यात्रा के क्रम में सूबे के समस्तीपुर जिले को 937 करोड़ रुपये से अधिक की सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 198 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। प्रगति यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री ने समस्तीपुर जिला के उजियारपुर प्रखंड के रायपुर ग्राम में 100 शैय्यावाले डॉ० भीमराव अंबेडकर राजकीय कल्याण छात्रावास का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित छात्रावास भवन का निरीक्षण भी किया। इस दौरान भोजनालय, रसोईघर आदि का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रावास बहुत अच्छा बना है। यहां सारी व्यवस्था बेहतर ढंग से संचालित करते रहें ताकि छात्रों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने आपातकालीन प्रतिक्रिया सुविधा सह प्रशिक्षण केंद्र के भवन का फीता काटकर एवं शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित आपातकालीन प्रतिक्रिया सुविधा सह प्रशिक्षण केंद्र के भवन का निरीक्षण किया और अधिकारियों से वहां की व्यवस्थाओं एवं कार्य प्रणाली की विस्तृत जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने स्टॉल निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के 217 लाभुकों को 4 करोड़ 34 लाख रुपये तथा बिहार लघु उद्यमी योजना के 331 लाभुकों को 3 करोड़ 31 लाख रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया।
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने समस्तीपुर जिला के कल्याणपुर प्रखंड स्थित मुक्तापुर मोईन का पर्यटन विभाग द्वारा प्रस्तावित सौंदर्गीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्य का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने मुक्तापुर मोईन के संबंध में मुख्यमंत्री को जानकारी देते हुए बताया कि यह करीब 50 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है, जो बूढ़ी गंडक नदी से जुड़ा है। इस दौरान अधिकारियों को निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मुक्तापुर मोईन के दोनों तरफ आवागमन हेतु सुगम रास्ते का निर्माण करवाएं। इसके तल की गहराई को और अधिक कराएं ताकि ज्यादा से ज्यादा जल संरक्षित रहे। मुक्तापुर मोईन के दोनों तरफ रास्ते का निर्माण हो जाने से लोगों को आने-जाने में सहूलियत होगी और यह देखने में भी बहुत अच्छा लगेगा। इसके आस-पास पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित कराएं। शिलान्यास के पश्चात् मुख्यमंत्री ने मुक्तापुर रेलवे गुमटी का स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने वारिसनगर प्रखंड के ग्राम शेखोपुर में जल-जीवन हरियाली अभियान के अंतर्गत सौंदर्गीकृत कराए गए तालाब का जायजा लिया। जायजा के क्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तालाब का काफी अच्छे ढंग से सौंदर्गीकरण हुआ है। इसके चारों तरफ सीढ़ी बन जाने से यहां का दृश्य काफी अच्छा लग रहा है। हमलोग वर्ष 2019 से जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत पूरे बिहार में सभी सार्वजनिक कुओं, तालाबों एवं पोखरों का सौंदर्गीकरण एवं जीर्णोद्धार करा रहे हैं। तालाब के समीप मुख्यमंत्री ने पौधारोपण भी किया तथा तालाब में मछली का जीरा एवं बत्तख भी छोड़े। मुख्यमंत्री ने ग्राम शेखोपुर की वार्ड संख्या 3 का भ्रमण कर विभिन्न विभागों द्वारा कराए गए विकासात्मक कार्यों का मुआयना किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, शेखोपुर के शिलापट्ट का अनावरण कर शिलान्यास किया। ग्राम शेखोपुर की वार्ड संख्या 3 में जीविका दीदियों एवं विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र, शेखोपुर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में शिक्षिका एवं बच्चों से बातचीत कर जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने समस्तीपुर जिला अंतर्गत मगरदडी घाट पुल के समानांतर पुराने स्कू पाइल पुल के स्थान पर 45 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित नया उच्च स्तरीय आर०सी०सी० पुल के निर्माण कार्य के संदर्भ में स्थल निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बूढ़ी गंडक नदी पर स्थित मगरदही घाट पुल के प्रस्तावित समानांतर पुल के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री सह समस्तीपुर जिला के प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार, सूचना एवं जन-संपर्क मंत्री महेश्वर हजारी, सांसद शांभवी चौधरी, विधायक राजेश कुमार सिंह, विधायक अशोक कुमार, पूर्व मंत्री अश्वमेघ देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण भी थे।











