Advertisement

पुलिस बनी मानवता की मिसाल, निर्धन बेटी की शादी में बढ़ाया मदद का हाथ

-पुलिस बनी मानवता की मिसाल, निर्धन बेटी की शादी में बढ़ाया मदद का हाथ

मुजफ्फरपुर। जिले के देवरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत धरफरी गांव में पुलिस ने एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता और मानवीय चेहरे का परिचय दिया। एक निर्धन परिवार की बेटी की शादी में देवरिया थानाध्यक्ष समेत मुजफ्फरपुर पुलिस टीम ने पहुंचकर बेटी को आशीर्वाद स्वरूप श्रृंगार सामग्री, साड़ी और एक सूटकेस भेंट किया।
जानकारी के अनुसार, धरफरी गांव निवासी स्वर्गीय फगुनी महतो की छह बेटियां हैं। करीब सात वर्ष पूर्व उनके निधन के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर हो गई थी। ऐसे में बेटियों की शादी कराना परिवार के लिए बड़ी चुनौती बन गया। आज फगुनी महतो की दूसरी बेटी की शादी थी, लेकिन संसाधनों के अभाव में परिजन चिंतित थे।


इसी बीच, स्थानीय युवा समाजसेवी रोहित साव और अन्य लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से मुहिम चलाकर सहयोग राशि जुटानी शुरू की। जैसे ही इस पहल की जानकारी देवरिया थानाध्यक्ष को मिली, उन्होंने बिना देर किए खुद पहल करते हुए पुलिस टीम के साथ लड़की के घर पहुंचकर शादी के लिए आवश्यक श्रृंगार सामग्री, साड़ी और सूटकेस भेंट किया।
पुलिस के इस मानवीय पहल से परिवार में खुशी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस संवेदनशीलता की सराहना की। इस पहल ने यह साबित कर दिया कि पुलिस सिर्फ कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ खड़ी होकर मानवता की मिसाल भी पेश कर रही है।