Advertisement

पीजी सेकंड सेमेस्टर की परीक्षा का केंद्र बदला, अब आरडीएस कॉलेज की जगह एलएनटी कॉलेज में होगी परीक्षा

-पीजी सेकंड सेमेस्टर की परीक्षा का केंद्र बदला, अब आरडीएस कॉलेज की जगह एलएनटी कॉलेज में होगी परीक्षा

-1 से 18 दिसंबर तक चलेगी परीक्षा
-10 हजार से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल -जल्द जारी होंगे एडमिट कार्ड

मुजफ्फरपुर। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू) ने पीजी सेकंड सेमेस्टर सत्र 2025-27 की परीक्षा को लेकर परीक्षा केंद्र में बदलाव किया है। शुक्रवार को जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, अब आरडीएस कॉलेज के स्थान पर एलएनटी कॉलेज में परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस बदलाव से संबंधित परीक्षार्थियों को संशोधित परीक्षा केंद्र के अनुसार अपनी तैयारी करने का निर्देश दिया गया है।

विश्वविद्यालय सूत्रों के अनुसार, आरडीएस कॉलेज में पहले से निर्धारित अन्य कार्यक्रमों के कारण परीक्षा आयोजित कराना संभव नहीं था। इसे लेकर शुक्रवार को कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शशिभूषण कुमार ने कुलपति से मुलाकात कर परीक्षा संचालन में असमर्थता जताई। इसके बाद कुलपति के निर्देश पर परीक्षा केंद्र में बदलाव का निर्णय लिया गया। आरडीएस कॉलेज में प्रस्तावित नौ केंद्रों की परीक्षा अब एलएनटी कॉलेज में स्थानांतरित कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, पीजी सेकंड सेमेस्टर की परीक्षा एक दिसंबर से शुरू होकर 18 दिसंबर तक चलेगी। इसमें विभिन्न विषयों के 10 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षार्थियों की संख्या को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन परीक्षा के सुचारू एवं कदाचारमुक्त संचालन की तैयारियों में जुटा है।

विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा के लिए कुल चार केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें एलएस कॉलेज और एलएनटी कॉलेज, मुजफ्फरपुर के अलावा एसआरएपी कॉलेज, बाराचकिया तथा बाबा भगवती राय डिग्री महाविद्यालय, तेलहुआ नौतन, पश्चिम चंपारण शामिल हैं।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, परीक्षा के एडमिट कार्ड जल्द जारी किए जाएंगे। परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद अपने परीक्षा केंद्र, विषय और परीक्षा तिथि की अच्छी तरह जांच कर लें, ताकि परीक्षा के दिन किसी तरह की परेशानी न हो।