Advertisement

पीएम मोदी की सभा को लेकर प्रशासन की व्यापक तैयारी, एक लाख से अधिक लोगों के पहुंचने का अनुमान; बनाए गए 14 पार्किंग जोन

-पीएम मोदी की सभा को लेकर प्रशासन की व्यापक तैयारी, एक लाख से अधिक लोगों के पहुंचने का अनुमान; बनाए गए 14 पार्किंग जोन

राजापाकर (संजय श्रीवास्तव)। वैशाली जिले के राजापाकर क्षेत्र अंतर्गत जाफरपट्टी में 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम में एक लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और अन्य बुनियादी सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
गुरुवार को कार्यक्रम स्थल पर वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तैयारियों और यातायात व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन की ओर से पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।


डीएम ने बताया कि लोगों की सुविधा के लिए कुल 14 पार्किंग जोन बनाए गए हैं। सभी पार्किंग स्थलों पर पेयजल और शौचालय की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा जीविका के माध्यम से संचालित दीदी की रसोई भी पार्किंग जोन में उपलब्ध रहेगी, जहां लोगों को भोजन और नाश्ते की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि 21 नवंबर को सुबह 11 बजे के बाद कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले एप्रोच रोड पर आम वाहनों का परिचालन बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद वाहनों को निर्धारित पार्किंग व्यवस्था के अनुसार ही प्रवेश दिया जाएगा। वहीं, वीवीआईपी और वीआईपी अतिथियों के वाहनों के लिए मुख्य मंच के नजदीक अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से सभी तैयारियां की गई हैं। प्रशासन का प्रयास है कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को आवागमन से लेकर अन्य सुविधाओं तक किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।