–पाटलिपुत्र रेल परिसर में मल्टीपरप्स हेल्थ चेकअप कैंप, 150 से अधिक लोगों की हुई जांच
हाजीपुर।
पाटलिपुत्र रेल परिसर में पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन के बैनर तले मल्टीपरप्स हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में रेलकर्मियों एवं उनके परिजनों ने स्वास्थ्य जांच कराई।
कैंप के दौरान कुल 102 पुरुषों एवं 57 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। यहां मेडिसिन, स्त्री रोग, ईएनटी, नेत्र एवं दंत रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मौजूद रही, जिन्होंने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया।
शिविर में खून की जांच एवं ईसीजी की भी विशेष व्यवस्था की गई थी। साथ ही लोगों का बीएमडी (हड्डियों की जांच) परीक्षण भी किया गया, जिससे हड्डियों से संबंधित बीमारियों की पहचान संभव हो सकी।

इसके अलावा कैंप में 14 वर्ष से कम आयु की 10 बच्चियों को एचपीवी वायरस से बचाव हेतु टीकाकरण भी किया गया, जो महिलाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
इस स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से रेलवे कर्मियों एवं उनके परिवारजनों को एक ही स्थान पर विभिन्न चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।











