Advertisement

पटना विश्वविद्यालय की छात्रा के अपहरण प्रयास के विरोध में प्रतिवाद मार्च, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

-पटना विश्वविद्यालय की छात्रा के अपहरण प्रयास के विरोध में प्रतिवाद मार्च, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

पटना, 11 जून।आनंद। पटना विश्वविद्यालय के मगध महिला कॉलेज की बीए की छात्रा के साथ कथित अपहरण के प्रयास की घटना को लेकर गुरुवार को “रिसर्च स्कॉलर संघर्ष समिति” (RSSS) और एआईएसएफ (AISF) के संयुक्त तत्वावधान में विरोध-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने छात्रा की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा घटना में शामिल ऑटो चालक एवं उसके सहयोगियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की।
जानकारी के अनुसार, 9 जून को बीएन कॉलेज से परीक्षा देकर घर लौट रही छात्रा के साथ गांधी मैदान क्षेत्र में ऑटो चालक और उसके साथियों द्वारा कथित रूप से अपहरण का प्रयास किया गया था। इस घटना के विरोध में पटना कॉलेज परिसर से कॉलेज गेट तक प्रतिवाद मार्च निकाला गया।


मार्च को संबोधित करते हुए रिसर्च स्कॉलर संघर्ष समिति की नेत्री जहन्वी रॉय ने कहा कि राज्य में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजधानी पटना के बीचोंबीच दिनदहाड़े छात्रा के साथ ऐसी घटना होना कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने सरकार से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और छात्राओं की सुरक्षा की गारंटी सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पटना में बढ़ते अपराध और महिलाओं के खिलाफ घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की आवश्यकता है। साथ ही विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की भी मांग की गई।
प्रतिवाद मार्च में एआईएसएफ के नेता मीर सेफ, विधनंद पासवान, अमरजीत, प्रिंस राज्य और अंकुश कुमार समेत कई छात्र-छात्राएं और शोधार्थी शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान छात्रा को न्याय दिलाने और महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के समर्थन में नारेबाजी भी की गई।