Advertisement

पटना में 23-24 मई को होगा एआई महासम्मेलन, आईटी निवेश और शिक्षा पर होगी चर्चा

-पटना में 23-24 मई को होगा एआई महासम्मेलन, आईटी निवेश और शिक्षा पर होगी चर्चा

पटना।आनंद। राजधानी पटना के ऊर्जा स्टेडियम में 23 और 24 मई 2026 को दो दिवसीय एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में बिहार में आईटी सेक्टर में निवेश बढ़ाने, नई पीढ़ी को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जोड़ने और तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।

महासम्मेलन में एआई आधारित शिक्षा, डिजिटल तकनीक के बढ़ते प्रभाव और युवाओं को आधुनिक तकनीकी ज्ञान से लैस करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। साथ ही विद्यालयों के पाठ्यक्रम में एआई संबंधी विषयों को शामिल करने और छात्रों को शुरुआती स्तर से ही तकनीकी शिक्षा से जोड़ने पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ, शिक्षाविद, तकनीकी क्षेत्र से जुड़े लोग और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि बिहार में आईटी उद्योग के विकास और रोजगार के नए अवसरों को लेकर भी अपने विचार साझा करेंगे।

आयोजकों का मानना है कि इस तरह के आयोजन से बिहार में तकनीकी विकास को नई दिशा मिलेगी तथा युवाओं को भविष्य की तकनीकों के प्रति जागरूक करने में मदद मिलेगी।