Advertisement

पटना में मेट्रो निर्माण के बीच ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत, बेली रोड के 11 स्थान होंगे चौड़े

-पटना में मेट्रो निर्माण के बीच ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत, बेली रोड के 11 स्थान होंगे चौड़े

पटना। राजधानी पटना में मेट्रो निर्माण के दौरान लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। बेली रोड (नेहरू पथ) के 11 संकरे स्थानों का चौड़ीकरण किया जाएगा, ताकि निर्माण कार्य के बावजूद वाहनों की आवाजाही सुचारु बनी रहे और आम लोगों को लंबे जाम का सामना न करना पड़े।
शनिवार को पथ निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि मेट्रो परियोजना राज्य के विकास की महत्वपूर्ण योजना है, लेकिन इसके कारण आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जहां आवश्यकता हो वहां सड़क चौड़ीकरण और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


सरकार की योजना के तहत बेली रोड के 11 संकरे हिस्सों को चौड़ा किया जाएगा। इससे सड़क की क्षमता बढ़ेगी और मेट्रो निर्माण के दौरान भी यातायात सामान्य रूप से चलता रहेगा। इसके अलावा सड़क किनारे की अव्यवस्थित गतिविधियों को व्यवस्थित करने के लिए वेंडिंग जोन चिह्नित किए जाएंगे, जहां रेहड़ी-पटरी दुकानदारों को निर्धारित स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। इससे अतिक्रमण कम होगा और ट्रैफिक का दबाव भी घटेगा।
समीक्षा बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिन स्थानों पर मेट्रो निर्माण के कारण मुख्य सड़क प्रभावित होगी, वहां पहले से वैकल्पिक मार्ग तैयार किए जाएंगे। इससे लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक रास्तों से आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा यातायात व्यवस्था बाधित नहीं होगी।
उपमुख्यमंत्री ने पथ निर्माण विभाग, पटना मेट्रो परियोजना से जुड़ी एजेंसियों, जिला प्रशासन और यातायात पुलिस को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग मिलकर ऐसी कार्ययोजना तैयार करें, जिससे मेट्रो निर्माण समय पर पूरा हो और राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे।
बैठक में पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, पटना मेट्रो के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार आर. पुडुकलकट्टी, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सरकार का मानना है कि इन कदमों से मेट्रो परियोजना को गति मिलने के साथ-साथ राजधानीवासियों को रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से भी बड़ी राहत मिलेगी।