Advertisement

पटना जू में जल्द दिखेंगे दुर्लभ दो सिंग वाले सफेद गैंडे, सिंगापुर से आने की तैयारी तेज

-पटना जू में जल्द दिखेंगे दुर्लभ दो सिंग वाले सफेद गैंडे, सिंगापुर से आने की तैयारी तेज

पटना। राजधानी स्थित पटना जू एक बार फिर सुर्खियों में है। वन्यजीव प्रेमियों के लिए जल्द ही एक नया और दुर्लभ आकर्षण जुड़ने वाला है। दिल्ली और रोहतक के बाद अब सिंगापुर से भी विशेष प्रजाति के जानवरों को लाने की तैयारी तेज हो गई है। इस बार पटना जू में दो सिंग वाले सफेद गैंडे लाए जाने की योजना है, जो अपनी दुर्लभता के कारण लोगों के आकर्षण का बड़ा केंद्र बन सकते हैं।

जानकारी के अनुसार यह प्रक्रिया एनिमल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत की जाएगी। इसके अंतर्गत पटना जू से एक सिंग वाले गैंडों का एक जोड़ा सिंगापुर भेजा जाएगा, जबकि बदले में सिंगापुर से दो सिंग वाले सफेद गैंडे पटना लाए जाएंगे। इस संबंध में बिहार के वन एवं पर्यावरण विभाग और सिंगापुर जू प्रशासन के बीच उच्चस्तरीय स्तर पर बातचीत जारी है।

गैंडों के परिवहन को लेकर भी विशेष योजना बनाई गई है। अधिकारियों के अनुसार इन्हें समुद्री मार्ग से सिंगापुर से कोलकाता बंदरगाह तक लाया जाएगा। इसके बाद सड़क मार्ग से ट्रक के जरिए पटना जू पहुंचाया जाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि हवाई परिवहन की तुलना में समुद्री और सड़क मार्ग जानवरों के लिए कम तनावपूर्ण और अधिक व्यावहारिक विकल्प साबित हो सकता है।

वर्तमान में पटना जू गैंडों की संख्या के मामले में एशिया में शीर्ष स्थानों में शामिल माना जाता है। यहां अभी कुल 10 गैंडे मौजूद हैं, जिनमें 6 मादा और 4 नर गैंडे हैं। सबसे छोटे गैंडे की उम्र भी करीब पांच वर्ष बताई जा रही है।

वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार विदेशी दो सिंग वाले सफेद गैंडों के आने से जू की जैव विविधता को मजबूती मिलेगी। साथ ही दर्शकों को वन्यजीवों की विविध दुनिया को करीब से देखने का नया अवसर मिलेगा। पटना जू प्रशासन का मानना है कि यह पहल वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय सहयोग का भी एक महत्वपूर्ण उदाहरण बनेगी।