-पटना: जदयू विधायक दल के नेता बने श्रवण कुमार, विधानसभा अध्यक्ष की मुहर
पटना। बिहार की सियासत में अहम बदलाव के तहत श्रवण कुमार को जदयू विधायक दल का नेता चुना गया है। पार्टी की ओर से भेजे गए प्रस्ताव पर विधानसभा अध्यक्ष ने अपनी सहमति दे दी है, जिसके बाद इस संबंध में विधानसभा सचिवालय ने आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, यह प्रस्ताव पहले ही पार्टी की ओर से विधानसभा को भेजा गया था। अब अध्यक्ष की मंजूरी मिलने के बाद श्रवण कुमार औपचारिक रूप से विधानसभा में जदयू विधायक दल के नेता बन गए हैं। इस निर्णय की सूचना पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा को भी पत्र के माध्यम से दे दी गई है।

दिलचस्प बात यह है कि विधायक दल का नेता चुने जाने से तीन दिन पहले ही श्रवण कुमार की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। राज्य सरकार ने उन्हें ‘Y’ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है, जिससे राजनीतिक हलकों में पहले से ही उनके बढ़ते कद के संकेत मिल रहे थे।
इससे पहले जदयू विधायक दल की बैठक में पार्टी के विधायकों और वरिष्ठ नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुनने के लिए अधिकृत किया था। इसके बाद उन्होंने श्रवण कुमार के नाम की अनुशंसा विधानसभा को भेजी।
बता दें कि श्रवण कुमार नालंदा जिले से आते हैं, जो नीतीश कुमार का गृह जिला भी है। वह कई बार विधायक रह चुके हैं और राज्य सरकार में मंत्री पद भी संभाल चुके हैं। पार्टी और सरकार में उन्हें मुख्यमंत्री का करीबी माना जाता है।












