Advertisement

पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस में यात्रियों से मोबाइल झपटमारी, बीबीगंज गुमटी के आगे उचक्कों ने बनाया निशाना

-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस में यात्रियों से मोबाइल झपटमारी, बीबीगंज गुमटी के आगे उचक्कों ने बनाया निशाना

मुजफ्फरपुर। सुबह करीब 7:49 बजे पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस में सवार यात्रियों से बीबीगंज गुमटी के आगे ट्रैक किनारे खड़े उचक्कों ने मोबाइल झपट लिया। बताया जा रहा है कि ट्रेन के गुजरने के दौरान ट्रैक के किनारे खड़े बदमाशों ने खिड़की के पास बैठे यात्रियों को निशाना बनाया।

मिली जानकारी के अनुसार, दो से तीन यात्रियों के साथ मोबाइल झपटमारी की घटना हुई है। अचानक हुई इन घटनाओं से ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस इलाके में पहले भी चलती ट्रेन से यात्रियों के मोबाइल झपटने की घटनाएं सामने आती रही हैं। कुछ समय तक ऐसी घटनाओं पर विराम लगा हुआ था, लेकिन अब दोबारा मोबाइल झपटमारी की घटनाएं सामने आने से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

यात्रियों ने रेल पुलिस और स्थानीय प्रशासन से इस संवेदनशील स्थान पर निगरानी बढ़ाने तथा ट्रैक किनारे संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है, ताकि चलती ट्रेनों में यात्रियों के साथ मोबाइल झपटमारी की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।