-गायघाट प्रखंड का डीडीसी ने किया औचक निरीक्षण, योजनाओं की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी
मुजफ्फरपुर। उप विकास आयुक्त ने मंगलवार को गायघाट प्रखंड का औचक निरीक्षण कर ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान एवं विकसित भारत जी राम जी के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान योजनाओं की अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। प्रखंड स्तर पर मिशन कायाकल्प के तहत चयनित की जाने वाली योजनाओं की भी समीक्षा की गई। कायाकल्प की योजनाओं में धीमी प्रगति पर उप विकास आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्धारित समय में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
गायघाट प्रखंड में अब तक एक भी नए आंगनबाड़ी केंद्र का चयन नहीं किए जाने पर भी डीडीसी ने गंभीरता दिखाई। उन्होंने बाल विकास परियोजना पदाधिकारी एवं कार्यक्रम पदाधिकारी को दो दिनों के अंदर नए आंगनबाड़ी केंद्र के लिए स्थल चिह्नित कर चयन की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया।

वहीं, विकसित भारत जी राम जी के अंतर्गत वृक्षारोपण योजनाओं में धीमी प्रगति को लेकर संबंधित पंचायत रोजगार सेवकों को सभी पंचायतों में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि दो दिनों के अंदर हासिल करने का निर्देश दिया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूरा कराने के लिए सभी आवास पर्यवेक्षकों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। इसके अलावा लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत आईएचएचएल (IHHL) की जियो टैगिंग और यूजर कलेक्शन चार्ज से संबंधित कार्यों की धीमी प्रगति पर प्रखंड समन्वयकों को एक सप्ताह के भीतर अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करना सुनिश्चित किया जाए।













