Advertisement

नो व्हीकल डे के तहत ई-रिक्शा से अधिकारियों ने किया पंचायतों का भ्रमण

-नो व्हीकल डे के तहत ई-रिक्शा से अधिकारियों ने किया पंचायतों का भ्रमण

राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। जिला पदाधिकारी वैशाली के आदेशानुसार शनिवार को “नो व्हीकल डे” के तहत राजापाकर प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी आनंद मौर्य ने बैटरी चालित ई-रिक्शा से प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों एवं वार्डों का भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारियों ने फार्मर रजिस्ट्रेशन एवं जनगणना कार्यों का निरीक्षण करते हुए किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।

अधिकारियों ने लोगों को डीजल एवं पेट्रोल की बचत के प्रति जागरूक करते हुए अनावश्यक निजी वाहनों के उपयोग से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन, बसों एवं अन्य पब्लिक ट्रांसपोर्ट का अधिक से अधिक उपयोग करना वर्तमान समय की आवश्यकता है।

ज्ञात हो कि मध्य पूर्व क्षेत्र में जारी युद्ध एवं तनावपूर्ण स्थिति के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गैस एवं पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए 13 मई को बिहार के मुख्यमंत्री द्वारा डीजल-पेट्रोल की बचत के लिए सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” मनाने, कार्यालयों में वर्क फ्रॉम होम की संस्कृति को बढ़ावा देने तथा अनावश्यक यात्राओं से बचने की अपील की गई थी।

इसी क्रम में शनिवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने ई-रिक्शा से पंचायतों का भ्रमण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण एवं ईंधन बचत का संदेश दिया। अधिकारियों ने आमजन से सप्ताह में कम से कम एक दिन “नो व्हीकल डे” के रूप में मनाने और अपनी कार्यशैली में बदलाव लाने की अपील की।