Advertisement

नाबालिग बच्ची का फोटो-वीडियो प्रसारित करने पर न्यूज चैनल के फेसबुक पेज पर प्राथमिकी

-नाबालिग बच्ची का फोटो-वीडियो प्रसारित करने पर न्यूज चैनल के फेसबुक पेज पर प्राथमिकी

-कटरा थाना कांड संख्या 265/26 दर्ज, मुजफ्फरपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शुरू की कार्रवाई

मुजफ्फरपुर। सोशल मीडिया पर नाबालिग बालिका से संबंधित फोटो और वीडियो प्रसारित करने के मामले में मुजफ्फरपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। कटरा थाना क्षेत्र से जुड़े मामले में ‘कटरा मिरर’ नामक फेसबुक पेज पर फोटो-वीडियो प्रसारित किए जाने को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से 10 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्राप्त सूचना के सत्यापन के दौरान संबंधित फेसबुक पोस्ट और आईडी की जांच की गई। जांच में सामने आया कि ‘कटरा मिरर’ नामक फेसबुक पेज पर उक्त फोटो-वीडियो प्रसारित किए गए थे।


प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि संबंधित मामले में विधि-विरुद्ध कार्य की शिकार नाबालिग बालिका से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो कटरा थाना परिसर में बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए थे। पुलिस ने बालिका की निजता और गरिमा को ध्यान में रखते हुए मामले को गंभीरता से लिया है।
इस संबंध में कटरा थाना कांड संख्या 265/26 दर्ज की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में अग्रतर कार्रवाई जारी है।
मुजफ्फरपुर पुलिस ने प्रेस मीडिया और आम नागरिकों से अपील की है कि नाबालिग बच्चों से संबंधित निजी अथवा संवेदनशील फोटो-वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा या प्रसारित न करें। ऐसा करने से बच्चों की निजता और गरिमा प्रभावित हो सकती है तथा संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।