-नवप्रशिक्षु सिपाहियों को डीआईजी ने दिया मार्गदर्शन, अनुशासन और जनसेवा पर जोर
मुजफ्फरपुर। पुलिस केंद्र, मुजफ्फरपुर स्थित आनंद भवन में तिरहुत क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) ने बुनियादी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नवप्रशिक्षु सिपाहियों को मार्गदर्शन दिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस सेवा में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा को सर्वोपरि रखने की सीख दी।
डीआईजी ने नवप्रशिक्षु सिपाहियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना भी महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने सिपाहियों से पूरी निष्ठा, प्रतिबद्धता और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की।

उन्होंने विधि-व्यवस्था संधारण, आमजन के साथ बेहतर समन्वय और पुलिस की कार्यशैली में संवेदनशीलता बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। साथ ही प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान और अनुशासन को अपने कार्यक्षेत्र में प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।












