Advertisement

दरभंगा एयरपोर्ट से उड़ी बिहार की शाही लीची, किसानों के लिए खुलेंगे नए बाजार

-दरभंगा एयरपोर्ट से उड़ी बिहार की शाही लीची, किसानों के लिए खुलेंगे नए बाजार

मुजफ्फरपुर/दरभंगा। दीपक तिवारी। बिहार की प्रसिद्ध और दुनिया भर में अपनी मिठास के लिए मशहूर शाही लीची ने अब आसमान की उड़ान भर ली है। दरभंगा हवाई अड्डे से शाही लीची की पहली खेप अहमदाबाद के लिए रवाना की गई, जिसे बिहार की कृषि अर्थव्यवस्था और किसानों के लिए एक ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है।

मुजफ्फरपुर की जीआई टैग प्राप्त शाही लीची की पहली 200 किलोग्राम नमूना खेप स्पाइसजेट एयरलाइंस के माध्यम से अहमदाबाद भेजी गई। इस पहल से स्थानीय किसानों और बागवानी क्षेत्र में नया उत्साह देखने को मिल रहा है। माना जा रहा है कि इससे उत्तर बिहार के किसानों को राष्ट्रीय बाजारों तक सीधी पहुंच मिल सकेगी।

इस पूरी प्रक्रिया में बिहार स्थित स्टार्टअप “विश्वकेनह एग्रो एंड डेयरी प्राइवेट लिमिटेड” की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संस्था किसानों, एफपीओ और व्यापारियों के बीच समन्वय स्थापित कर खेती से लेकर पैकेजिंग, प्रोसेसिंग और बाजार तक की सप्लाई चेन को मजबूत करने का काम कर रही है।

विशेषज्ञों का कहना है कि दरभंगा एयरपोर्ट अब केवल यात्री सेवा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कृषि उत्पादों के लिए भी एक उभरते कार्गो हब के रूप में विकसित हो सकता है। हवाई मार्ग से लीची जैसे नाजुक फल की तेज डिलीवरी होने से उसकी गुणवत्ता बेहतर बनी रहेगी और किसानों को बड़े शहरों में बेहतर कीमत मिल सकेगी।

कृषि विशेषज्ञों के अनुसार यह पहल बिहार के लिए गेमचेंजर साबित हो सकती है। इससे भविष्य में लीची के साथ-साथ अन्य फल और सब्जियों के निर्यात के नए रास्ते खुलेंगे। कोल्ड चेन और आधुनिक लॉजिस्टिक्स व्यवस्था मजबूत होने से किसानों की आय बढ़ने की भी संभावना जताई जा रही है।

स्पाइसजेट एयरलाइंस, स्थानीय प्रशासन, किसान समूहों और विभिन्न हितधारकों के सहयोग से यह सफल परीक्षण किया गया है। अब उम्मीद की जा रही है कि आने वाले समय में नियमित एयर कार्गो सेवा शुरू होगी, जिससे बिहार की शाही लीची देश ही नहीं बल्कि विदेशों तक अपनी मिठास बिखेर सकेगी।