Advertisement

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2026 की तैयारी तेज, 27 अप्रैल से शुरू होगी प्रक्रिया

-त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2026 की तैयारी तेज, 27 अप्रैल से शुरू होगी प्रक्रिया

पटना। बिहार में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनावी प्रक्रिया का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत 27 अप्रैल से क्षेत्रवार जनसंख्या के प्रारूप का प्रकाशन किया जाएगा।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पंचायत चुनाव की पूरी प्रक्रिया 27 अप्रैल से शुरू होकर 29 मई तक चलेगी। 27 अप्रैल को प्रारूप प्रकाशन के साथ प्रक्रिया की शुरुआत होगी, जिस पर आम जनता 11 मई तक दावा एवं आपत्ति दर्ज करा सकेगी। इसके बाद 14 मई तक सभी आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा। वहीं, 18 से 22 मई के बीच अपीलों का निष्पादन होगा।


अंतिम मतदाता सूची 25 मई को प्रकाशित की जाएगी, जबकि 29 मई को जिला गजट में इसका प्रकाशन किया जाएगा। इस दौरान प्रशासनिक स्तर पर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इस बार के पंचायत चुनाव कई मायनों में खास माने जा रहे हैं। आरक्षण व्यवस्था में बड़े बदलाव की संभावना है और पूरी चुनावी प्रक्रिया को डिजिटल मोड में संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है।
चुनाव में जिला परिषद, पंचायत समिति, पंचायत सदस्य, मुखिया, पंच और सरपंच जैसे सभी प्रमुख पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। खास बात यह है कि यह चुनाव 2011 की जनगणना के आधार पर होगा, जिसके अनुसार पंचायत क्षेत्रों की नई जनसंख्या संरचना निर्धारित की जाएगी।