-अखाड़ाघाट : समानांतर फोरलेन पुल के एप्रोच पथ निर्माण की कवायद तेज
-भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू
-शेखपुर मौजा में 0.0513 एकड़ जमीन के अधिग्रहण के लिए पुल निर्माण निगम ने डीएम को भेजी अधियाचना
मुजफ्फरपुर। शहर में बूढ़ी गंडक नदी पर अखाड़ाघाट में बनने वाले समानांतर फोरलेन पुल के एप्रोच पथ निर्माण को लेकर प्रशासनिक कवायद तेज हो गई है। परियोजना के लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के उद्देश्य से बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के वरीय परियोजना अभियंता ने जिलाधिकारी को आधिकारिक अधियाचना भेजी है।
भेजी गई अधियाचना में मौजा शेखपुर में 0.0513 एकड़ भूमि के अधिग्रहण का अनुरोध किया गया है। इसके लिए निर्धारित कानूनी प्रक्रिया अविलंब शुरू करने की मांग की गई है, ताकि एप्रोच पथ के निर्माण से संबंधित कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके।

अखाड़ाघाट में प्रस्तावित समानांतर फोरलेन पुल शहर की यातायात व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके एप्रोच पथ के निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध होना जरूरी है। ऐसे में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परियोजना के अगले चरण की राह आसान हो सकती है।
अब जिला प्रशासन की ओर से अधियाचना पर नियमानुसार कार्रवाई की जानी है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी आने से पुल और उसके एप्रोच पथ के निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।












