-तिरहुत बैतरणी नहर का बांध टूटा, रक्सा गांव के पास मचा हड़कंप
मुजफ्फरपुर। कांटी विधानसभा क्षेत्र के मड़वन प्रखंड अंतर्गत रक्सा गांव के समीप रविवार को तिरहुत बैतरणी नहर का बांध टूट गया। बांध टूटने की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पानापुर करियात थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस की मौजूदगी में स्थानीय लोगों की भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।

इधर, नहर का बांध टूटने की जानकारी संबंधित विभाग के अधिकारियों और कर्मियों को दी गई। सूचना मिलते ही विभागीय टीम भी मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों की निगरानी में बांध की मरम्मत के लिए तत्काल आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों के बीच बांध टूटने से पानी के फैलाव को लेकर चिंता बनी हुई है। प्रशासन और विभागीय अधिकारी स्थिति पर नजर रख रहे हैं तथा प्रभावित हिस्से की मरम्मत कर पानी के बहाव को नियंत्रित करने की कवायद शुरू कर दी गई है।












