-तिमुल डेयरी प्लांट का डीएम कुमार गौरव ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता और प्रसंस्करण व्यवस्था का लिया जायजा
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी कुमार गौरव ने बुधवार को तिरहुत दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड (तिमुल) के डेयरी प्लांट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लांट में दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता नियंत्रण तथा अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों से डेयरी संचालन की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली और दूध की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए अपनाई जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने प्लांट में स्वच्छता, तकनीकी संचालन एवं गुणवत्ता मानकों के अनुपालन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं तक उच्च गुणवत्ता वाला दुग्ध एवं दुग्ध उत्पाद समय पर उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादन और प्रसंस्करण की पूरी प्रक्रिया में निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों और उपभोक्ताओं दोनों का विश्वास कायम रहे।
निरीक्षण के दौरान तिमुल के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को डेयरी प्लांट की कार्यप्रणाली, दुग्ध संग्रहण क्षमता, प्रसंस्करण व्यवस्था तथा गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली की विस्तृत जानकारी भी दी।












