Advertisement

डेढ़ साल की बच्ची समेत रहस्यमय ढंग से लापता विवाहिता सकुशल मिली, परिवार में लौटी खुशियां

-डेढ़ साल की बच्ची समेत रहस्यमय ढंग से लापता विवाहिता सकुशल मिली, परिवार में लौटी खुशियां

मुजफ्फरपुर/बंदरा, दीपक। मुजफ्फरपुर जिले के बंदरा प्रखंड अंतर्गत हत्था थाना क्षेत्र के सकरी चांदपुरा गांव की एक विवाहिता अपनी डेढ़ वर्षीय पुत्री के साथ रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने के कई दिन बाद सकुशल मिल गई है। मां-बेटी के सुरक्षित मिलने की खबर मिलते ही मायके, ससुराल और रिश्तेदारों में खुशी की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, विवाहिता काजल कुमारी ने बताया कि वह दरभंगा स्थित डॉक्टर बीबी शाही के यहां इलाज कराने गई थीं। इलाज के बाद वह अपनी डेढ़ वर्षीय पुत्री लक्ष्मी कुमारी के साथ सवारी ऑटो से घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह ऑटो में ही बेहोश हो गईं।
काजल के अनुसार, बेहोशी की हालत में ऑटो चालक उन्हें दरभंगा रेलवे स्टेशन के समीप ऑटो स्टैंड ले गया। इस दौरान उनका मोबाइल फोन भी चोरी हो गया। गोद में मौजूद बच्ची लगातार रो रही थी। वहीं मौजूद एक चाय दुकानदार ने मानवता का परिचय देते हुए मां-बेटी को सुरक्षित संभालकर रखा। होश में आने के बाद विवाहिता ने अपना पता बताया, जिसके बाद उसे वाहन से उसकी बड़ी बहन के घर भेज दिया गया।


बड़ी बहन के यहां पहुंचने के बाद काजल ने मोबाइल फोन के माध्यम से अपने परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन भावुक हो उठे और मां-बेटी से मिलकर खुशी के आंसू छलक पड़े।
गौरतलब है कि हत्था थाना क्षेत्र के सकरी चांदपुरा निवासी रसीला देवी ने दरभंगा के बेंता थाना में आवेदन देकर अपनी विवाहित पुत्री काजल कुमारी और डेढ़ वर्षीय नातिन लक्ष्मी कुमारी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन में बताया गया था कि 9 जून की शाम करीब साढ़े पांच बजे काजल अपनी पुत्री के साथ इलाज कराने दरभंगा गई थीं। इलाज के बाद वह अपने ससुराल बिशनपुर मलटोली, थाना बिशनपुर, जिला समस्तीपुर के लिए रवाना हुई थीं, लेकिन न तो ससुराल पहुंचीं और न ही मायके लौटीं।
घटना के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में था और परिजन लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए थे। मामले में अपहरण की आशंका भी जताई गई थी तथा पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की गई थी। अब मां-बेटी के सकुशल मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली है।
उल्लेखनीय है कि इस मामले को A2Z न्यूज़ Live ने प्रमुखता से दिखाया था, जिसके बाद क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ था।