-जांता पंचायत में बाढ़ और भारी बारिश का कहर, सैकड़ों एकड़ धान की फसल बर्बाद
दीपक कुमार/गायघाट
गायघाट प्रखंड की जांता पंचायत में बाढ़ और लगातार हो रही भारी बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में पानी भरने से सैकड़ों एकड़ में लगी धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। महीनों की मेहनत और खेती में लगाई गई पूंजी बर्बाद होने की आशंका से किसान चिंतित हैं।
लगातार बारिश और बाढ़ के पानी के कारण पंचायत के कई खेत जलमग्न हो गए हैं। धान की फसल पानी में डूबने से किसानों को भारी आर्थिक क्षति होने की आशंका है।

किसानों का कहना है कि खेती पर उनकी काफी पूंजी और मेहनत लगी है, लेकिन प्राकृतिक आपदा ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। फसल बर्बाद होने की स्थिति में उनके सामने परिवार के भरण-पोषण के साथ-साथ अगली फसल की तैयारी का संकट भी खड़ा हो सकता है।
प्रभावित किसानों ने प्रशासन और कृषि विभाग से फसल क्षति का आकलन कराने के लिए तत्काल सर्वेक्षण कराने की मांग की है। साथ ही, नुकसान के अनुरूप उचित मुआवजा देकर किसानों को राहत पहुंचाने की अपील की है। अब किसानों की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि फसल क्षति का आकलन कर उन्हें कब तक राहत उपलब्ध कराई जाती है।












