-जनगणना में सभी अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर जिला को अग्रणी बनाएं : डीएम
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
पूर्वी चंपारण जिला प्रशासन की ओर से जनगणना प्रक्रिया में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्व-गणना को बढ़ावा दिया जा रहा है। जिला प्रशासन के पदाधिकारियों द्वारा स्वयं स्व गणना कर जिला के नागरिकों को संदेश दिया गया है कि सभी लोग भी जागरूक होकर राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य को आगे बढ़ाएं और अपने परिवार की जनगणना स्वयं पूर्ण करें। उक्त जानकारी जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने देते हुए बताया है कि सभी जिला वासी इस डिजिटल पहल में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
-(स्वघोषणा) क्या है?
डीएम ने बताया कि यह एक सरल और सुरक्षित ऑनलाइन प्रक्रिया है। जिसके माध्यम से आप अपने परिवार की जनगणना संबंधी जानकारी स्वयं भर सकते हैं। घर बैठे, बिना किसी प्रतीक्षा के।
-क्यों ज़रूरी है?
सटीक एवं विश्वसनीय डेटा के आधार पर बेहतर योजनाएं बनती है। क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलती है। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी सुविधाओं की प्रभावी योजना संभव होती है।

-स्व-गणना कैसे करें:
सबसे पहले https://se.census.gov.in पर जाएं। अपना राज्य चुनें और कैप्चा दर्ज करें। इसके बाद परिवार के मुखिया का नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी (वैकल्पिक) दर्ज करके पंजीकरण पूरा करें। ध्यान रहे परिवार के मुखिया का नाम एक बार दर्ज होने के बाद बदला नहीं जा सकता, और एक मोबाइल नंबर केवल एक ही परिवार के लिए उपयोग किया जा सकता है।
पंजीकरण के बाद अपनी भाषा चुनें और पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त OTP दर्ज करें। भाषा एक बार चुनने के बाद बदली नहीं जा सकती। फिर अपना जिला, पिन कोड और गांव/शहर की जानकारी दर्ज करें तथा मानचित्र पर लाल मार्कर खींचकर अपने घर की सटीक लोकेशन चिह्नित करें।
इसके बाद मकान सूचीकरण और आवास जनगणना प्रश्नावली भरें। टूलटिप्स और FAQs की सहायता उपलब्ध है। प्रश्नावली भरने के बाद प्रिव्यू स्क्रीन पर सभी जानकारी जांच लें। आप जानकारी संपादित कर सकते हैं या ड्राफ्ट सेव कर सकते हैं। फाइनल सबमिट करने के बाद कोई बदलाव संभव नहीं होगा। सफलतापूर्वक सबमिट होने पर 11 अंकों की एक यूनिक SE ID (“H” से शुरू) SMS और ईमेल के माध्यम से प्राप्त होगी।











