-जनकपुरधाम से अयोध्या कैंट तक दौड़ेगी साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन,
-23 नवंबर को पीएम मोदी और नेपाल के पीएम बालेन शाह दिखाएंगे हरी झंडी
-17 कोचों वाली ट्रेन से जुड़ेगी माता सीता की जन्मस्थली और भगवान श्रीराम की नगरी, जयनगर, मधुबनी, दरभंगा, सीतामढ़ी और नरकटियागंज समेत कई स्टेशनों पर होगा ठहराव
मुजफ्फरपुर। भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रिश्तों को नई मजबूती मिलने जा रही है। नेपाल के जनकपुरधाम से उत्तर प्रदेश के अयोध्या कैंट तक साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने के प्रस्ताव को रेल मंत्रालय और रेलवे बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। इस रेल सेवा से माता सीता की जन्मस्थली जनकपुरधाम और भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या सीधे रेल मार्ग से जुड़ जाएंगी। इससे दोनों देशों के श्रद्धालुओं के साथ आम यात्रियों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
रेलवे बोर्ड के संयुक्त निदेशक (कोचिंग) राजेश कुमार ने 17 नवंबर को इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी किया है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, 23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह दोनों स्थानों से ऑनलाइन हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना करेंगे। मुख्य उद्घाटन समारोह लखनऊ में आयोजित होगा। वहीं, जयनगर और जनकपुरधाम में भी उद्घाटन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। 17 कोचों वाली यह ट्रेन धार्मिक पर्यटन और भारत-नेपाल के बीच यात्री संपर्क को नया विस्तार देगी।
शनिवार को जनकपुरधाम से चलेगी ट्रेन:
निर्धारित समय-सारणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 15595 जनकपुरधाम-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार को दोपहर 1:10 बजे जनकपुरधाम से रवाना होगी। यह दोपहर 2:10 बजे जयनगर, शाम 7 बजे सीतामढ़ी और रात 10:50 बजे नरकटियागंज पहुंचेगी। इसके बाद गोरखपुर होते हुए रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।

सोमवार को अयोध्या से होगी वापसी:
वापसी में गाड़ी संख्या 15596 अयोध्या कैंट-जनकपुरधाम एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार को शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होगी। यह रात 10:13 बजे गोरखपुर, देर रात 1:50 बजे नरकटियागंज और सुबह 4:42 बजे सीतामढ़ी पहुंचेगी। इसके बाद मंगलवार सुबह 8:30 बजे जयनगर होते हुए दोपहर 12:40 बजे जनकपुरधाम पहुंचेगी।
बिहार के कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव:
रेलवे बोर्ड के मुताबिक, ट्रेन का व्यावसायिक ठहराव जनकपुरधाम के बाद भारतीय क्षेत्र में जयनगर, मधुबनी, दरभंगा के शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्याधाम में होगा। ट्रेन का प्राथमिक रखरखाव जयनगर में किया जाएगा, जबकि नरकटियागंज और गोरखपुर में पानी भरने की व्यवस्था रहेगी।
सुरक्षा व्यवस्था का लिया जा रहा जायजा:
नई रेल सेवा के परिचालन को लेकर नेपाल में सुरक्षा तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं। नेपाली सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के डीआईजी विष्णु प्रसाद भट्ट और एसपी भीम बिष्ट ने जनकपुरधाम से जयनगर तक विभिन्न रेलवे स्टेशनों और हॉल्ट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने यात्री सुरक्षा, स्टेशन परिसर की व्यवस्था और रेल परिचालन से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया।
इस रेल सेवा के शुरू होने से बिहार, नेपाल और उत्तर प्रदेश के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। खासकर जनकपुरधाम और अयोध्या के बीच श्रद्धालुओं की यात्रा आसान होगी। साथ ही बिहार के मिथिलांचल और चंपारण क्षेत्र के यात्रियों को भी अयोध्या जाने के लिए एक नई रेल सुविधा मिलेगी।












