-छठ घाट की सफाई के दौरान पोखर में डूबने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
मुजफ्फरपुर/कुढ़नी। जिले के कुढ़नी प्रखंड के रजला गांव में छठ घाट की सफाई और निर्माण कार्य के दौरान पोखर में डूबने से 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना रजला स्थित शिव मंदिर परिसर के पोखर में हुई। मृतक की पहचान मलंग चौक निवासी बालेश्वर साह के पुत्र निखिल कुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, छठ पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं।
छठ घाट की सफाई के दौरान गहरे पानी में डूबा युवक:
मिली जानकारी के अनुसार, निखिल कुमार शिव मंदिर परिसर स्थित पोखर में छठ घाट निर्माण और सफाई के कार्य में जुटा था। इसी दौरान वह पोखर के गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। घाट पर मौजूद लोगों ने उसे किसी तरह पोखर से बाहर निकाला और तत्काल पीएचसी पहुंचाया। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

दो मिनट पहले मां से हुई थी बेटे की बात:
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां इंदु देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वह बार-बार कह रही थीं कि दो मिनट पहले ही बेटे से उनकी बात हुई थी। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में भी शोक का माहौल है।
प्रशासन ने परिजनों को दिया चार लाख का चेक:
घटना की जानकारी मिलने पर पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता के पुत्र कृष्ण मुरारी मुरली, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि मनोज पासवान और विनय पासवान ने संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद अंचलाधिकारी नीलम कुमारी मौके पर पहुंचीं और मृतक के परिजनों को आपदा सहायता राशि के तहत चार लाख रुपये का चेक प्रदान किया।
इधर, फकुली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद पूरे रजला गांव में शोक की लहर है।












