Advertisement

चार महीने से ट्रांसफॉर्मर गायब, अंधेरे में रहने को मजबूर हरपुर के लोग, विभाग पर लापरवाही का आरोप

-चार महीने से ट्रांसफॉर्मर गायब, अंधेरे में रहने को मजबूर हरपुर के लोग, विभाग पर लापरवाही का आरोप

मुजफ्फरपुर/बन्दरा, दीपक। मुजफ्फरपुर जिले के बन्दरा प्रखंड अंतर्गत पीरापुर पंचायत के वार्ड संख्या-9 स्थित हरपुर मुसलमान टोला में करीब चार महीने पहले बिजली ट्रांसफॉर्मर चोरी हो गया था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के इतने समय बीत जाने के बावजूद अब तक नया ट्रांसफॉर्मर नहीं लगाया गया है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर नहीं रहने से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित है। गर्मी के मौसम में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कामकाज और दैनिक जीवन भी प्रभावित हो रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। लोगों ने बिजली विभाग पर टालमटोल करने का आरोप लगाते हुए जल्द से जल्द ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग की है।

ग्रामीणों में इस मामले को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।