Advertisement

गोरौल में AES से बचाव को लेकर तैयारी तेज

-गोरौल में AES से बचाव को लेकर तैयारी तेज

-अधिकारियों की बैठक में बना जागरूकता अभियान का खाका

वैशाली, मोहन कुमार सुधांशु:

गोरौल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें AES (चमकी बुखार) से बचाव को लेकर रणनीति तैयार की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) उदय कुमार ने की। उन्होंने कहा कि बीमारी से बचाव के लिए प्रखंड स्तर पर एक संयुक्त समिति बनाई जाएगी, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल होंगे। इन अधिकारियों को गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी दी जाएगी।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि चमकी बुखार को लेकर व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत आंगनबाड़ी सेविकाएं, आशा कार्यकर्ता और विकास मित्र खासकर महादलित टोलों में जाकर लोगों को बीमारी के लक्षण, बचाव और प्राथमिक उपचार की जानकारी देंगे। इसके लिए सभी को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

चमकी बुखार की सूचना देने हेतु एक नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) की स्थापना की गई है। यदि कोई बच्चा इस बुखार की चपेट में आता है, तो परिजन 8544421926 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। डॉ. राजेश ने यह भी बताया कि अस्पताल में इस बीमारी से निपटने के लिए आवश्यक दवाएं और संसाधन पूरी तरह उपलब्ध हैं।

बैठक में स्वास्थ्य प्रबंधक रेणु कुमारी, सीडीपीओ सुरभि कुमारी, डॉ. विवेक कुमार, डॉ. सत्य नारायण पासवान, एलएस नीलम कुमारी समेत कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।

#AESबुखार #गोरौल #वैशालीस्वास्थ्य #चमकीबुखार #स्वास्थ्यजागरूकता #BiharHealth