Advertisement

गोबरसही में गैस पाइपलाइन फटने से भीषण हादसा, कई घर क्षतिग्रस्त, चार घायल

-गोबरसही में गैस पाइपलाइन फटने से भीषण हादसा, कई घर क्षतिग्रस्त, चार घायल

मुजफ्फरपुर। शहर के सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही में नाला निर्माण के दौरान गैस पाइपलाइन फटने से भीषण हादसा हो गया। सड़क की खुदाई के दौरान जमीन के नीचे बिछी पीएनजी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे तेज गति से गैस का रिसाव होने लगा। देखते ही देखते गैस में आग भड़क उठी और इलाके में अफरातफरी मच गई। हादसे में दो लोगों की मौत होने और चार लोगों के घायल होने की सूचना है। हालांकि, मृतकों की पहचान और मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

100 मीटर के दायरे में मकानों के शीशे चकनाचूर:

विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि घटनास्थल के आसपास करीब 100 मीटर के दायरे में स्थित कई मकानों के शीशे चकनाचूर हो गए। धमाके से आसपास के कई घरों को भारी नुकसान पहुंचा, जबकि कुछ मकानों के ध्वस्त होने की भी सूचना है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को खाली करा लिया गया।

बाइक सवार झुलसे, थार में सवार दो लोगों की मौत की सूचना:

हादसे के दौरान सड़क से गुजर रहे बाइक सवार दो लोग झुलस गए। वहीं, इसी रास्ते से गुजर रही एक थार गाड़ी भी आग की चपेट में आ गई। बताया जा रहा है कि थार पर वैशाली जिले का रजिस्ट्रेशन नंबर था और उस पर जदयू का झंडा लगा हुआ था। गाड़ी में सवार दो लोगों की जलने से मौत होने की सूचना सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

खुदाई के दौरान क्षतिग्रस्त हुई पाइपलाइन:

जानकारी के अनुसार, गोबरसही में नाला निर्माण के लिए सड़क की खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान मशीन से जमीन के नीचे बिछी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद पाइपलाइन से तेजी से पीएनजी गैस का रिसाव शुरू हो गया और आग लगने से भीषण हादसा हो गया।

पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची:

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के इलाके को खाली कराया गया। प्रशासन की ओर से स्थिति को नियंत्रित करने और हादसे के कारणों की जांच करने की कार्रवाई की जा रही है।