Advertisement

गायघाट में सहकारिता विभाग की बड़ी कार्रवाई, छह पैक्स समितियां तत्काल प्रभाव से निलंबित

-गायघाट में सहकारिता विभाग की बड़ी कार्रवाई, छह पैक्स समितियां तत्काल प्रभाव से निलंबित

-तीन दिनों का अल्टीमेटम, डीसीटी कार्य के लिए सदस्यों का डेटा जमा करने का निर्देश -औराई के अधिकारी को मिली विशेष जिम्मेदारी

दीपक कुमार/गायघाट (मुजफ्फरपुर)। प्रखंड में सहकारिता विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह पंचायतों की पैक्स प्रबंधकारिणी समितियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जिला सहकारिता पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने लक्ष्मणनगर, कमरथू, बखरी, बेरुआ, बलौरनिधि और सुस्ता पंचायत की पैक्स समितियों के खिलाफ यह कार्रवाई की है। विभाग के इस फैसले से सहकारिता महकमे में हलचल मच गई है।
विभाग की ओर से सभी संबंधित समितियों को तीन दिनों के भीतर डीसीटी कार्य के लिए प्रबंधकारिणी समिति के सदस्यों का डेटा जुटाकर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित समय सीमा में निर्देश का अनुपालन नहीं करने पर संबंधित समिति के सदस्यों को अगले पांच वर्षों तक प्रबंधकारिणी समिति का चुनाव लड़ने से अयोग्य ठहराने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
इधर, गायघाट प्रखंड में सहकारिता विभाग के दैनिक कार्यों के सुचारू संचालन के लिए औराई के प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी मुन्ना कुमार गुप्ता को विशेष पदाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे प्रखंड में विभागीय कार्यों के संचालन और निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

धान खरीद को लेकर किसानों की बढ़ी चिंता:

छह पैक्स समितियों के निलंबन के बाद आगामी सरकारी धान खरीद को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है। धान खरीद का समय नजदीक आने के बीच किसानों के सामने अपनी उपज सरकारी समर्थन मूल्य पर बेचने को लेकर असमंजस की स्थिति है। किसानों को आशंका है कि समितियों के निलंबन से खरीद प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है और उन्हें अपनी उपज बेचने में परेशानी उठानी पड़ सकती है।
ऐसे में अब सहकारिता विभाग के सामने किसानों के हितों की रक्षा करते हुए धान खरीद की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की चुनौती है। किसानों की निगाहें विभाग के अगले कदम पर टिकी हैं, ताकि सरकारी खरीद प्रभावित न हो और उन्हें अपनी उपज का उचित समर्थन मूल्य समय पर मिल सके।