-गर्मी का प्रकोप: बिहार के स्कूलों का समय बदला, 6 अप्रैल से सुबह 6:30 बजे लगेंगी कक्षाएं
पटना | संवददाता।
बढ़ती गर्मी और हीट वेव के खतरे को देखते हुए बिहार सरकार ने स्कूलों की टाइमिंग में बड़ा बदलाव किया है। माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, राज्य के सभी सरकारी प्राथमिक, मध्य और माध्यमिक विद्यालय अब 6 अप्रैल से सुबह 6:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगे।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह नई व्यवस्था 31 मई तक लागू रहेगी। इसके बाद मौसम की स्थिति की समीक्षा कर आगे का निर्णय लिया जाएगा। इस बदलाव का मुख्य उद्देश्य छात्रों को तेज धूप और भीषण गर्मी से बचाना है।

मिड-डे मील का समय भी तय:
नए शेड्यूल के तहत स्कूलों में सुबह 9:00 बजे से 9:40 बजे तक मध्यांतर रहेगा। इसी दौरान बच्चों को मिड-डे मील दिया जाएगा, ताकि पढ़ाई के बीच ज्यादा व्यवधान न हो और बच्चों को समय पर पोषण मिल सके।
छात्रों की सेहत को प्राथमिकता:
शिक्षा विभाग के अनुसार, हाल के दिनों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी और हीट वेव की आशंका को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। सरकार का मानना है कि सुबह के समय पढ़ाई कराने से बच्चों की सेहत पर प्रतिकूल असर नहीं पड़ेगा और वे सुरक्षित वातावरण में शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे।
अभिभावकों और शिक्षकों को निर्देश:
विभाग ने सभी स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों से अपील की है कि वे नए समय का पालन सुनिश्चित करें और बच्चों को समय पर विद्यालय भेजें, ताकि पढ़ाई और स्वास्थ्य दोनों का संतुलन बना रहे।











