-गंगा तटों की सुरक्षा के लिए कटाव निरोधी कार्य तेज, एक माह में पूरा करने का निर्देश
पटना/भोजपुर, 11 जून 2026। बिहार जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह ने गुरुवार को भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड अंतर्गत उत्तर प्रदेश सीमा से सटे जवनिया गांव में गंगा नदी के तट पर चल रहे कटाव निरोधी कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं बाढ़ पूर्व तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने गंगा नदी के लगातार हो रहे कटाव से उत्पन्न कठिनाइयों को साझा करते हुए चल रहे संरक्षण कार्यों पर संतोष जताया।
अधिकारियों ने बताया कि गंगा नदी के दाहिने तट पर स्थित गंगापुर, भुसौला, नन्दपुर एवं दामोदरपुर (जवनिया) गांवों को कटाव से सुरक्षित रखने के लिए लगभग 1200 मीटर लंबाई में कटाव निरोधी कार्य कराया जा रहा है। इस परियोजना की प्रशासनिक स्वीकृति राशि 52.56 करोड़ रुपये है और वर्तमान में कार्य प्रगति पर है।

डॉ. सिंह ने अभियंताओं एवं संवेदकों को निर्देश दिया कि मानसून की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा कटाव निरोधी कार्यों को हर हाल में अगले एक माह के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए।
सचिव ने कहा कि परियोजना पूर्ण होने के बाद शाहपुर प्रखंड के गंगापुर, भुसौला, नन्दपुर और जवनिया समेत आसपास के गांवों को गंगा कटाव से प्रभावी सुरक्षा मिलेगी। इससे स्थानीय आबादी, कृषि भूमि एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों का संरक्षण सुनिश्चित होगा।
निरीक्षण के दौरान विभाग के वरीय अभियंता, कार्यपालक अभियंता, अन्य विभागीय अधिकारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।












