Advertisement

खूंखार सांडों का आतंक,कार्रवाई की उठी मांग

-खूंखार सांडों का आतंक,कार्रवाई की उठी मांग

मुजफ्फरपुर: कांटी नगर परिषद क्षेत्र के कांटी बाजार में इन दिनों आवारा और आक्रामक सांडों का झुंड लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। वार्ड संख्या 16 और 17 में सांडों के झुंड द्वारा राहगीरों और स्थानीय लोगों पर अचानक हमला किए जाने की घटनाओं से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हाल ही में कांटी बाजार में सांड के हमले में गंभीर रूप से घायल हुए गोप टोला स्थित शिव मंदिर के पुजारी दिग्विजय झा की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक दिग्विजय झा शेरुकाही पंचायत के काबिलपुर गांव के निवासी थे। इस घटना के बाद लोगों में आक्रोश और भय दोनों बढ़ गया है।


ग्रामीणों का कहना है कि सांडों का झुंड अक्सर बाजार क्षेत्र में घूमता रहता है और बिना किसी उकसावे के राहगीरों पर हमला कर देता है, जिससे कई लोग चोटिल हो चुके हैं। बाजार आने-जाने वाले लोगों, दुकानदारों और बच्चों में लगातार भय का माहौल बना हुआ है।
इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं ने कांटी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, कांटी बीडीओ तथा कांटी थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर जल्द से जल्द सांडों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजने और लोगों को राहत दिलाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि किसी और बड़ी दुर्घटना से पहले प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि कांटी बाजार में आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सांडों के आतंक को लेकर लोगों में चिंता और दहशत बनी हुई है।