-खरीफ महाअभियान-2026 के तहत किसानों को मिला आधुनिक खेती का प्रशिक्षण, बीज उपलब्धता का मुद्दा भी उठा
मुजफ्फरपुर/बंदरा, दीपक। बंदरा प्रखंड मुख्यालय स्थित कृषि भवन में शारदीय (खरीफ) महाअभियान-2026 के तहत प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण सह उपादान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों के उपयोग तथा बेहतर उत्पादन के लिए जागरूक करना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन अंचलाधिकारी अंकुर राय, प्रखंड कृषि पदाधिकारी रघुवीर साह एवं उपप्रमुख उमेश राय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार एवं पैक्स अध्यक्ष उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान कृषि वैज्ञानिक मोतीलाल मीणा ने किसानों को आधुनिक खेती के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने उन्नत बीज उपचार, फसल प्रबंधन, रोग एवं कीट नियंत्रण के वैज्ञानिक उपायों तथा कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने की तकनीकों पर विस्तार से प्रकाश डाला। किसानों ने भी अपनी समस्याओं और जिज्ञासाओं को विशेषज्ञों के समक्ष रखा, जिनका समाधान किया गया।

कार्यक्रम में किसानों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे भी उठाए गए। स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा भाजपा एवं जदयू नेताओं ने सरकारी स्तर पर बीज उपलब्ध कराने में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि समय पर सरकारी बीज नहीं मिलने के कारण किसानों को बाजार से महंगे दामों पर बीज खरीदने पड़ रहे हैं, जिससे खेती की लागत बढ़ रही है। वक्ताओं ने किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने की मांग की।
अधिकारियों ने किसानों को सरकार द्वारा संचालित कृषि योजनाओं, अनुदान एवं उपादान कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए इनका लाभ उठाने का आह्वान किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंत में किसानों को खेती से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं तकनीकी सुझाव प्रदान किए गए। कार्यक्रम को सफल बनाने में कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











