Advertisement

खगौल को मिला आधुनिक मल्टीप्लेक्स, मंत्री श्रवण कुमार ने किया कॉनप्लेक्स सिनेमाज का उद्घाटन

-खगौल को मिला आधुनिक मल्टीप्लेक्स, मंत्री श्रवण कुमार ने किया कॉनप्लेक्स सिनेमाज का उद्घाटन

पटना। राजधानी पटना के खगौल में आधुनिक मनोरंजन सुविधाओं का विस्तार करते हुए कॉनप्लेक्स सिनेमाज ने अपने नए स्मार्ट-फॉर्मेट मल्टीप्लेक्स का शुभारंभ किया। बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर मल्टीप्लेक्स का उद्घाटन किया। इस मौके पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, कॉनप्लेक्स सिनेमाज के प्रबंध निदेशक चंदन कुमार और रोहित कुमार सपन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि यह पहल बिहार के विकास की यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और आधुनिक मनोरंजन सुविधाओं का विस्तार केवल लोगों को बेहतर अनुभव देने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह मल्टीप्लेक्स खगौल और आसपास के लोगों के लिए विश्वस्तरीय मनोरंजन का प्रमुख केंद्र बनेगा।


कॉनप्लेक्स सिनेमाज के प्रबंध निदेशक चंदन कुमार और रोहित कुमार सपन ने बताया कि खगौल में शुरू हुआ यह मल्टीप्लेक्स कंपनी का बिहार में 13वां और पटना का छठा सिनेमा है। उन्होंने कहा कि कंपनी का उद्देश्य उभरते शहरों और कस्बों के दर्शकों को आधुनिक और विश्वस्तरीय सिनेमा अनुभव उपलब्ध कराना है। साथ ही आने वाले समय में बिहार के अन्य शहरों में भी विस्तार की योजना पर तेजी से काम किया जाएगा।
नए कॉनप्लेक्स सिनेमाज में तीन अत्याधुनिक स्क्रीन हैं, जिनकी कुल बैठने की क्षमता 150 सीटों की है। दर्शकों के लिए कपल लाउंजर, सोफा लाउंजर और प्रीमियम सीटिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। मल्टीप्लेक्स में 2K प्रोजेक्शन, 3D तकनीक और डॉल्बी 7.1 सराउंड साउंड सिस्टम लगाया गया है, जिससे दर्शकों को बेहतरीन ऑडियो-विजुअल अनुभव मिलेगा। इसके अलावा विभिन्न प्रकार के स्नैक्स और पेय पदार्थों की भी व्यवस्था की गई है।
खगौल में इस आधुनिक मल्टीप्लेक्स के शुरू होने से स्थानीय लोगों को अब विश्वस्तरीय सिनेमा अनुभव अपने शहर में ही मिलेगा, वहीं क्षेत्र में रोजगार और व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।