Advertisement

कुढ़नी में विकास योजनाओं का जायजा लेने पहुंचे डीएम

-कुढ़नी में विकास योजनाओं का जायजा लेने पहुंचे डीएम

-10 दिनों में पूरा होगा तुर्की पावर सब स्टेशन का शेष कार्य

-सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत पोखर, पार्क, ग्रामीण हाट, विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण -अधिकारियों को समय सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने का निर्देश

मुजफ्फरपुर। जिलाधिकारी कुमार गौरव ने गुरुवार को कुढ़नी प्रखंड में विभिन्न विकासात्मक एवं लोक-कल्याणकारी योजनाओं का स्थल निरीक्षण कर उनकी प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने तुर्की में निर्माणाधीन पावर सब स्टेशन, पोखर सौंदर्यीकरण, पार्क विकास, ग्रामीण हाट, आंगनबाड़ी केंद्र और विभिन्न विद्यालयों में चल रहे कार्यों की समीक्षा की। डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम सबसे पहले तुर्की में निर्माणाधीन 2×10 एमवीए क्षमता वाले पावर सब स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। विद्युत अधीक्षण अभियंता ने बताया कि इस उपकेंद्र से चार 11 केवी फीडर निकाले जाएंगे, जिनके माध्यम से तुर्की और आसपास के क्षेत्रों में बेहतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी। इस परियोजना पर 10.90 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। निर्माण कार्य जेके इलेक्ट्रिक कॉन्ट्रैक्टर एलएलपी द्वारा कराया जा रहा है। डीएम ने शेष कार्यों को अगले 10 दिनों में पूरा कर फिनिशिंग टच देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पावर सब स्टेशन चालू होने से क्षेत्र में लो-वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या में कमी आएगी। इससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ किसानों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को भी लाभ मिलेगा।

इसके बाद जिलाधिकारी ने सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत रजला पोखर के सौंदर्यीकरण, पार्क विकास, ग्रामीण हाट के जीर्णोद्धार और नए आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने पोखर के सौंदर्यीकरण, पार्क में हरियाली, बैठने की व्यवस्था और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। वहीं, ग्रामीण हाट का बेहतर संचालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी निदेशक डीआरडीए और बीडीओ कुढ़नी को दी गई, ताकि ग्रामीण आधारभूत संरचना और स्थानीय आजीविका को बढ़ावा मिल सके।

डीएम ने मध्य विद्यालय कुढ़नी, राजकीयकृत उच्चतर माध्यमिक प्लस टू विद्यालय कुढ़नी और राजकीय बुनियादी विद्यालय चंद्रहट्टी का भी निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालयों में अनुरक्षण, मरम्मती और विकास कार्यों की समीक्षा की गई। उन्होंने विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुसार कक्षाओं, शौचालय, पेयजल, खेल मैदान सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया।

डीएम ने बताया कि सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत पूरे जिले में कुल 5896 योजनाओं को शामिल किया गया है। इनमें शिक्षा विभाग की 3140, ग्रामीण विकास विभाग की 1016, पंचायती राज विभाग की 709, स्वास्थ्य विभाग की 519, पीएचईडी की 189, समाज कल्याण विभाग की 146, नगर विकास एवं आवास विभाग की 150, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग की 25 तथा पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की दो योजनाएं शामिल हैं। वहीं, कुढ़नी प्रखंड में विभिन्न विभागों की कुल 591 योजनाओं पर काम चल रहा है।

उन्होंने कहा कि अभियान के तहत विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य संस्थानों, पंचायत सरकार भवनों सहित विभिन्न सरकारी परिसंपत्तियों का जीर्णोद्धार, रंग-रोगन, मरम्मती और उन्नयन किया जा रहा है। साथ ही जरूरत के अनुसार नए भवन, संपर्क पथ और ड्रेनेज जैसी आधारभूत सुविधाओं का निर्माण भी कराया जा रहा है।

डीएम ने कहा कि योजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता की निगरानी के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स गठित है, जिसकी प्रतिदिन बैठक होती है। उप विकास आयुक्त एवं नगर आयुक्त सहित संबंधित पदाधिकारी योजनाओं की नियमित समीक्षा कर रहे हैं। वे स्वयं भी लगातार समीक्षा और क्षेत्र भ्रमण के दौरान औचक निरीक्षण कर रहे हैं। कार्यों में लापरवाही, शिथिलता या अनियमितता मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि विकासात्मक एवं लोक-कल्याणकारी योजनाओं का सफल क्रियान्वयन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पदाधिकारी इसके लिए सजग, तत्पर और प्रतिबद्ध रहें। साथ ही आम जनता से नियमित संवाद स्थापित कर योजनाओं के संबंध में उनका फीडबैक और सुझाव प्राप्त करें, ताकि विकास कार्यों को जनता की जरूरतों के अनुरूप और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।