-किसानों को सुबह 6 से शाम 6 बजे तक मिलेगी बिजली, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिए निर्देश
पटना, 9 जुलाई 2026। दीपक तिवारी।बिहार के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी किसानों को एग्रीकल्चर फीडर के माध्यम से प्रतिदिन सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रहलाद जोशी के साथ आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में बिहार की नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं, ऊर्जा सुरक्षा और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में मुख्यमंत्री ने ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के प्रभावी और व्यापक क्रियान्वयन का निर्देश देते हुए कहा कि सभी जिलाधिकारी अपने-अपने जिलों में निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करें। उन्होंने पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए जनजागरूकता अभियान तेज करने और आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने ‘पीएम-कुसुम योजना’ के तहत कृषि क्षेत्र के सौरकरण (सोलराइजेशन) को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई व्यवस्था से किसानों की लागत घटेगी और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।

बैठक में बिहार में फ्लोटिंग सोलर परियोजनाओं की संभावनाओं का वैज्ञानिक अध्ययन कर नई परियोजनाओं की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही राज्य के लिए ग्रीन हाइड्रोजन नीति तैयार करने की दिशा में आवश्यक पहल शुरू करने पर भी सहमति बनी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में निजी निवेश आकर्षित करने के लिए पारदर्शी और अनुकूल माहौल तैयार किया जाए। उन्होंने बिहार की सौर ऊर्जा क्षमता का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने तथा उत्पादन, वितरण और ऊर्जा अवसंरचना को मजबूत बनाने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए भारत को स्वच्छ और आत्मनिर्भर ऊर्जा की दिशा में तेजी से आगे बढ़ना होगा। सभी नवीकरणीय ऊर्जा योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को बिहार में प्रभावी रूप से साकार किया जाए।
बैठक में केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी, ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, ऊर्जा विभाग के सचिव अजय यादव सहित केंद्र और राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।












