-काम और जॉब कार्ड नहीं मिलने पर महिला मजदूरों का अनिश्चितकालीन धरना
-समाहरणालय में ही बना लिया आशियाना
-चूल्हा-बर्तन और अनाज लेकर पहुंचीं महिलाएं -सात महीने से काम नहीं मिलने का आरोप
-रात में धरनास्थल पर ही बनाया खाना
मुजफ्फरपुर। वीबी-जी राम जी योजना के तहत काम और जॉब कार्ड नहीं मिलने से नाराज महिला मजदूरों ने शुक्रवार से समाहरणालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। मनरेगा वाच के बैनर तले शुरू हुए इस आंदोलन में जिले के विभिन्न प्रखंडों की बड़ी संख्या में महिला मजदूर शामिल हुई हैं। महिलाएं अपने साथ चूल्हा, बर्तन और अनाज लेकर पहुंची हैं। उन्होंने शुक्रवार की रात धरनास्थल पर ही खाना बनाकर आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया।
धरना में कुढ़नी, सरैया, मुरौल, मुशहरी, बोचहां, गायघाट, औराई, मोतीपुर, कांटी और पारू समेत कई प्रखंडों की महिला मजदूर शामिल हैं। मजदूरों का आरोप है कि पिछले सात महीने से उन्हें काम नहीं मिल रहा है। जॉब कार्ड और रोजगार की मांग को लेकर जब वे पंचायत पहुंचती हैं तो उन्हें काम उपलब्ध नहीं होने की बात कहकर वापस लौटा दिया जाता है।

मनरेगा वाच के संजय सहनी ने कहा कि कानून में स्पष्ट प्रावधान है कि जिन मजदूरों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत काम नहीं मिलता है, उन्हें सरकार की ओर से बेरोजगारी भत्ता दिया जाना चाहिए। इसके बावजूद सात महीने बीत जाने के बाद भी मजदूरों को न तो काम मिला और न ही बेरोजगारी भत्ते का लाभ दिया गया।
उन्होंने बताया कि इससे पहले भी मजदूर अपनी मांगों को लेकर 123 दिनों तक धरना-प्रदर्शन कर चुके हैं। उस समय अधिकारियों की ओर से आश्वासन देकर आंदोलन समाप्त करा दिया गया था, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। इसी वजह से मजदूरों को दोबारा अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करना पड़ा है।
महिला मजदूरों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उन्हें काम, जॉब कार्ड और नियमानुसार अधिकारों का लाभ नहीं मिलता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।












