Advertisement

मुजफ्फरपुर में 34,634 लाभुकों को मिलेगा प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना का लाभ

-मुजफ्फरपुर में 34,634 लाभुकों को मिलेगा प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना का लाभ

-बिहार को मिले 11.18 लाख आवास निर्माण का लक्ष्य
-योग्य लाभुकों को 31 दिसंबर तक स्वीकृति देने का निर्देश

मुजफ्फरपुर। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत बिहार में आवास निर्माण के लिए जिलावार लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया है। ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से बिहार को कुल 11 लाख 18 हजार 937 आवास निर्माण का लक्ष्य दिया गया है। इसके आलोक में ग्रामीण विकास विभाग ने सभी जिलों को लक्ष्य आवंटित कर दिया है। इसके तहत मुजफ्फरपुर जिले में 34 हजार 634 लाभुकों का पक्का मकान बनवाया जाएगा।

विभाग की ओर से वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आवास निर्माण की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया गया है। आवास प्लस पोर्टल के सर्वेक्षण के आधार पर तैयार प्रतीक्षा सूची से प्रखंडवार एवं कोटिवार लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत शत-प्रतिशत योग्य लाभुकों को आवास निर्माण की स्वीकृति देने की प्रक्रिया पूरी करनी है।

ग्रामीण विकास विभाग ने इसके लिए 31 दिसंबर 2026 तक की समय-सीमा निर्धारित की है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पात्र लाभुकों की जांच कर स्वीकृति की प्रक्रिया समय पर पूरी करें।

इस योजना के तहत जिले के 34,634 परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवास सुविधा को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।