-कांटी में बेखौफ बदमाशों का तांडव, युवक को घर के बाहर मारी गोली, हालत गंभीर
मुजफ्फरपुर, कांटी। कांटी थाना क्षेत्र के साइन हनुमान चौक पर रविवार को बेखौफ बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से कांटी सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
घायल की पहचान साइन गांव निवासी कैलाश कुमार (25 वर्ष), पिता दसई पटेल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, कैलाश खाना खाने के बाद अपने घर के बाहर बैठा हुआ था। इसी दौरान पहुंचे बदमाशों ने उस पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, कैलाश कुमार टेंट हाउस में काम करता है, जबकि उसके चाचा रमेश पटेल भी टेंट हाउस के व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। फिलहाल गोली मारने के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
घटना की सूचना मिलते ही कांटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुट गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घायल के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।













