Advertisement

कांटी के बकटपुर मिडिल स्कूल में औचक निरीक्षण से हड़कंप, बिना सूचना गायब मिले एचएम; मध्याह्न भोजन में भारी गड़बड़ी उजागर

-कांटी के बकटपुर मिडिल स्कूल में औचक निरीक्षण से हड़कंप, बिना सूचना गायब मिले एचएम; मध्याह्न भोजन में भारी गड़बड़ी उजागर

मुजफ्फरपुर/कांटी। कांटी प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बकटपुर में गुरुवार को बीडीओ सह प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी आनंद कुमार विभूति ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रशासन और मध्याह्न भोजन व्यवस्था में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।
प्रभारी बीडीओ सह बीईओ आनंद Kumar विभूति ने बताया कि विद्यालय के प्रभारी एचएम मनीष कुमार 2 अप्रैल से बिना किसी पूर्व सूचना के लगातार अनुपस्थित पाए गए हैं। निरीक्षण के दौरान उनकी गैरमौजूदगी को गंभीर लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जांच के दौरान छात्रों की वास्तविक उपस्थिति भी खंगाली गई। विद्यालय में केवल 105 बच्चे उपस्थित मिले, जबकि मध्याह्न भोजन की हाजिरी रिपोर्ट में 211 बच्चों की उपस्थिति दर्ज थी। इतना ही नहीं, मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने वाले एनजीओ द्वारा केवल दो कंटेनर भोजन भेजा गया था, जिससे अधिकतम 100 बच्चों को ही भोजन मिल सकता था। अधिकारियों ने इसे स्पष्ट रूप से वित्तीय अनियमितता और सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का मामला माना हैl


बीडीओ आनंद कुमार विभूति ने कहा कि इस मामले में एचएम मनीष कुमार, प्रभारी एचएम मीना कुमारी, मध्याह्न भोजन प्रभारी तथा संबंधित एनजीओ संचालक से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। साथ ही पूरे मामले की लिखित रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को भेजी जाएगी।
प्रशासनिक कार्रवाई के तहत एचएम मनीष कुमार एवं प्रभारी एचएम मीना कुमारी के वेतन पर भी रोक लगाने की तैयारी की जा रही है। वहीं बिना सूचना अनुपस्थित रहने की अवधि का वेतन एचएम मनीष कुमार को नहीं दिया जाएगा।
बीडीओ सह प्रभारी बीईओ के इस कड़े एक्शन के बाद विद्यालय कर्मियों और संबंधित व्यवस्था से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। शिक्षा विभाग अब मामले की गहन जांच कर आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है।