Advertisement

कर्पूरीग्राम स्टेशन के उन्नयन और सबवे निर्माण का रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया शिलान्यास

-कर्पूरीग्राम स्टेशन के उन्नयन और सबवे निर्माण का रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया शिलान्यास

-यात्रियों को मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं

✍🏻 हाजीपुर। संवाददाता।

केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को कर्पूरीग्राम स्टेशन के उन्नयन कार्य और स्टेशन के पश्चिमी छोर पर सब-वे निर्माण का शिलान्यास किया। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री रामनाथ ठाकुर समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

🚆 कर्पूरीग्राम स्टेशन होगा आधुनिक सुविधाओं से लैस:

रेल मंत्री ने बताया कि कर्पूरीग्राम स्टेशन का ₹3.30 करोड़ की लागत से उन्नयन किया जाएगा, जिसमें स्टेशन की रिमॉडलिंग और यात्रियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। स्टेशन पर 18 फीट चौड़ा फुट ओवर ब्रिज (FOB) भी बनाया जाएगा। वहीं ₹14 करोड़ की लागत से स्टेशन के पश्चिमी छोर पर सबवे का निर्माण होगा, जो स्थानीय बस्तियों और गांवों को जोड़ते हुए रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित बनाएगा।

🛤️ दीघा ब्रिज हाल्ट से कर्पूरीग्राम तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण:

इससे पहले रेल मंत्री ने दीघा ब्रिज हाल्ट का निरीक्षण किया और वहां से कर्पूरीग्राम स्टेशन तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करते हुए रेलवे अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद वे समस्तीपुर स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने यात्री सुविधाओं का जायजा लिया और यात्रियों से फीडबैक प्राप्त किया।

📊 समस्तीपुर में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक:

रेल मंत्री ने समस्तीपुर मंडल सभागार में एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में चल रही परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने समय सीमा के भीतर कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही रेलवे परियोजनाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।

🔍 रेलवे की भविष्य योजनाओं पर प्रकाश:

रेल मंत्री ने बताया कि माल ढुलाई में रेलवे की हिस्सेदारी 29% हो गई है और इसे 35% तक ले जाने का लक्ष्य है। पिछले 11 वर्षों में 35,000 किलोमीटर से अधिक नए ट्रैक बिछाए गए हैं। अब रेल ओवरब्रिज (ROB) का निर्माण केंद्र सरकार द्वारा किया जाएगा।

उन्होंने रेलवे में भर्ती को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए वार्षिक परीक्षा कैलेंडर पर काम जारी रखने की बात कही। साथ ही कैमरा निगरानी प्रणाली को और सशक्त बनाने के लिए 1265 कोचों और इंजनों में 6 से 8 कैमरे लगाने के निर्देश दिए।

⚙️ पूर्व मध्य रेल को बनेगा पहला शत-प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग ज़ोन:

रेल मंत्री ने पूर्व मध्य रेल को देश का पहला ऐसा ज़ोन बनाने का निर्देश दिया जो 100% इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग से युक्त हो। उन्होंने कहा कि जहां ROB बनाना संभव नहीं है वहां लाइट ROB का निर्माण किया जाएगा और कंटेनर सेवा को बढ़ावा देने के लिए ज़रूरी स्थानों पर कंटेनर डिपो स्थापित किए जाएंगे।

🤝 वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित:

निरीक्षण और शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह, दानापुर, सोनपुर एवं समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सहित कई वरिष्ठ रेलवे अधिकारी मौजूद रहे।

> “रेलवे का विकास ही देश का विकास है। कर्पूरीग्राम जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों का आधुनिकीकरण ग्रामीण और शहरी दोनों भारत को जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम है।” — अश्विनी वैष्णव, रेल मंत्री