Advertisement

करजा में भीषण सड़क हादसा, ट्रक में पीछे से बाइक टकराने पर दो युवकों की मौत, एक गंभीर

-करजा में भीषण सड़क हादसा, ट्रक में पीछे से बाइक टकराने पर दो युवकों की मौत, एक गंभीर

मुजफ्फरपुर। करजा थाना क्षेत्र में शनिवार अहले सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा गोनौरा इंडा पेट्रोल पंप के समीप हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बाइक आगे जा रहे ट्रक में पीछे से जा टकराई, जिसके बाद बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना करजा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मड़वन पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक युवक की हालत में सुधार नहीं होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया।

मृतकों की पहचान जैतपुर थाना क्षेत्र के गोपी धनवत निवासी मुन्ना महतो (20) और रतनपुरा निवासी नितेश तिवारी (22) के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान विशुनपुर दुबियाही उर्फ डोमा डीह निवासी 23 वर्षीय तोखन राय के रूप में हुई है। तीनों युवक जैतपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।

इधर, हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है।

करजा थाना प्रभारी राम एकबाल प्रसाद ने बताया कि सड़क दुर्घटना में बाइक सवार तीन युवक घायल हुए थे, जिनमें से दो की मौत हो गई, जबकि एक युवक का इलाज मेडिकल कॉलेज में कराया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बाइक की तेज रफ्तार बताई जा रही है। बाइक आगे जा रहे ट्रक से पीछे से टकराई थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। मामले की जांच के साथ आगे की कार्रवाई की जा रही है।