-कटरा के बखरी और दरगाह में जलजमाव से लोगों की बढ़ी परेशानी
-जनप्रतिनिधियों से समाधान की मांग
मुजफ्फरपुर। कटरा प्रखंड क्षेत्र के सोनपुर पंचायत अंतर्गत बखरी गांव तथा दरगाह में बारिश के बाद गंभीर जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के बीच सड़क पर बारिश का पानी जमा रहता है, जबकि नालों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण जल निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है। कई स्थानों पर नाले जाम पड़े हैं, जिससे स्थिति और भी खराब हो गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बखरी गांव की मुख्य सड़क पर लंबे समय से पानी जमा है, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं दरगाह गांव स्थित मजार के आसपास भी जलजमाव की समस्या बनी हुई है। बारिश के दौरान यहां आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है।

ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। लोगों का कहना है कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि विकास के बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन जलजमाव जैसी बुनियादी समस्याओं के समाधान की दिशा में अपेक्षित पहल नहीं हो रही है।
ग्रामीणों ने मुजफ्फरपुर के सांसद राज भूषण चौधरी ‘निषाद’ तथा गायघाट विधानसभा क्षेत्र की विधायक कोमल सिंह से क्षेत्र का दौरा कर जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने और नालों की सफाई सुनिश्चित कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो सकती है।












