Advertisement

एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, पांच संगीन मामलों का आरोपी मो. कैश गिरफ्तार

-एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, पांच संगीन मामलों का आरोपी मो. कैश गिरफ्तार

-बोचहां के चर्चित विजय साह हत्याकांड में 2019 से चल रहा था फरार
-दो मोबाइल और बाइक बरामद

मुजफ्फरपुर। एसटीएफ की विशेष टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने बोचहां थाना क्षेत्र के चर्चित कांड संख्या 376/19 में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित आरोपी मो. कैश को गिरफ्तार कर लिया है। विशेष छापेमारी अभियान के दौरान उसे झपहा टीओपी क्षेत्र से दबोचा गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार मो. कैश के खिलाफ बोचहां थाना में हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कुल पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें 11 नवंबर 2019 को दर्ज कांड संख्या 376/19 भी शामिल है। इस मामले में आईपीसी की धारा 302, 120(बी) और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही थी। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था।
मामले के अनुसार, जगदीश साह ने पुलिस को आवेदन देकर बताया था कि 9 नवंबर 2019 की शाम उनके पुत्र विजय साह को नल-जल योजना के मजदूरों को पैसे देने के बहाने बुलाया गया था। इसके बाद सझाही पुल के पास अपराधियों ने विजय साह को गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल विजय साह को इलाज के लिए एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। फिलहाल उससे पूछताछ कर हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।