Advertisement

छठ के बाद घर लौटने वाले यात्रियों के लिए राहत

-छठ के बाद घर लौटने वाले यात्रियों के लिए राहत

-बिहार से दिल्ली-मुंबई समेत देशभर के लिए चलेंगी दर्जनों स्पेशल ट्रेनें

मुजफ्फरपुर। छठ महापर्व संपन्न होने के बाद दूसरे राज्यों में कामकाज और रोजगार के लिए लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल ने बड़ी राहत दी है। यात्रियों की सुविधा के लिए बिहार के विभिन्न रेलवे स्टेशनों से देश के प्रमुख शहरों के लिए दर्जनों पूजा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। इन ट्रेनों से दिल्ली, मुंबई, पुणे, कोलकाता, अहमदाबाद, बेंगलुरु, हैदराबाद, चंडीगढ़ और अमृतसर समेत कई शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
पूर्व मध्य रेल की ओर से 16 नवंबर को जारी जानकारी के अनुसार, बरौनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, पटना, सहरसा, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी, समस्तीपुर, दानापुर और पूर्णिया कोर्ट सहित कई स्टेशनों से स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इनमें कुछ ट्रेनें प्रतिदिन, जबकि कई साप्ताहिक और निर्धारित तिथियों पर संचालित होंगी।
मुजफ्फरपुर से आनंद विहार के लिए ट्रेन संख्या 05219 प्रत्येक शुक्रवार 27 नवंबर तक चलेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 05283 का परिचालन 21 और 28 नवंबर को निर्धारित है। मुजफ्फरपुर-हडपसर स्पेशल ट्रेन संख्या 05589 प्रत्येक मंगलवार 24 नवंबर तक चलेगी। इसके अलावा ट्रेन संख्या 04027 प्रत्येक बुधवार और शनिवार 25 नवंबर तक, जबकि ट्रेन संख्या 04313 मुजफ्फरपुर-योगनगरी ऋषिकेश स्पेशल प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार 30 नवंबर तक संचालित होगी। ट्रेन संख्या 07316 मुजफ्फरपुर-हुब्बल्ली स्पेशल प्रत्येक शुक्रवार 27 नवंबर तक चलेगी।


पटना से नई दिल्ली, आनंद विहार, हावड़ा, चंडीगढ़, फिरोजपुर, अहमदाबाद और अन्य प्रमुख शहरों के लिए कई स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। बरौनी से नई दिल्ली, अमृतसर, ग्वालियर और दुर्ग के लिए भी विशेष ट्रेनों का परिचालन निर्धारित किया गया है। वहीं, दरभंगा, सहरसा, रक्सौल, मधुबनी और सीतामढ़ी से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, अहमदाबाद और अन्य शहरों के लिए अतिरिक्त ट्रेनें उपलब्ध कराई गई हैं।
रेलवे की सूची में पूर्व मध्य रेल के क्षेत्राधिकार से गुजरने वाली कई अन्य स्पेशल ट्रेनें भी शामिल हैं। इनमें रक्सौल-नरकटियागंज, पटना-इसलामपुर, राघोपुर-देवघर, पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट और बक्सर-डीडीयू रूट की ट्रेनें भी शामिल हैं।
पूर्व मध्य रेल की ओर से जारी सूची के अनुसार, अधिकांश स्पेशल ट्रेनों का परिचालन नवंबर के अंतिम सप्ताह तक, जबकि कुछ ट्रेनों का परिचालन दिसंबर के शुरुआती दिनों तक जारी रहेगा। रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले संबंधित ट्रेन की परिचालन तिथि, समय और ठहराव की जानकारी आधिकारिक रेलवे माध्यमों से जरूर प्राप्त कर लें।
छठ के बाद घर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ के बीच इन विशेष ट्रेनों के परिचालन से नियमित ट्रेनों पर दबाव कम करने और यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।